यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand News: हजारीबाग में फ्लाई ओवर बनाने की तैयारी, डीपीआर हो रहा तैयार
हजारीबाग-बरही राजमार्ग 33 पर सर्विस रोड निर्माण और स्वच्छता को लेकर एनएचएआई सख्त है। परियोजना निदेशक मनोज कुमार पांडे ने ...और पढ़ें

HighLights
- एनएचएआई की अतिक्रमण हटाने की चेतावनी |
- सर्विस रोड निर्माण जल्द शुरू होगा |
- इचाक मोड़ पर फ्लाईओवर बनेगा |
संवाद सूत्र, हजारीबाग। हजारीबाग से बरही के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सर्विस रोड निर्माण और सड़क स्वच्छता को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कड़ा रुख अपनाया है। परियोजना निदेशक मनोज कुमार पांडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि लोग सड़क किनारे की जमीन का निजी उपयोग करना बंद करें और स्वेच्छा से उसे खाली करें।
उन्होंने जानकारी दी कि सिंघानी पुल, सरिया पुल और कन्हरी पुल के नीचे सर्विस रोड निर्माण की प्रक्रिया टेंडर स्तर पर है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इचाक मोड़ पर फ्लाईओवर निर्माण की भी तैयारी हो रही है।
पांडे ने बताया कि फ्लाईओवर के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही स्वीकृति के लिए भेजा गया है। यह फ्लाईओवर क्षेत्र में जाम की समस्या को स्थायी समाधान देगा।
परियोजना निदेशक ने बरही चौक, इचाक मोड़, बोंगा, पदमा और बरियठ क्षेत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोगों ने सर्विस रोड की जगह पर निजी निर्माण कर लिया है या व्यावसायिक कार्यों के लिए उपयोग कर रहे हैं, जो पूरी तरह से अवैध है। जल्द ही इन अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क की सफाई सिर्फ विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। विभाग द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है, लेकिन यदि लोग स्वयं भी सहयोग करें तो हाईवे की सुंदरता और सुरक्षा दोनों बनी रहेगी।
ग्रामीणों से उन्होंने आग्रह किया कि वे सड़क पर कचरा न फेंके, पानी न बहाएं और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से परहेज करें। इससे आवागमन में भी लोगों को सुविधा होगी।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Politics: झारखंड को 21 हजार किलोमीटर नई सड़कें बनाने के लिए चाहिए केंद्रीय सहायता,