Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand Election: गोड्डा में दिखी लोकतंत्र की अनोखी झलक, शादी की रस्म निभाए बिना दूल्हा पहुंच गया मतदान केंद्र

    Updated: Wed, 20 Nov 2024 04:06 PM (IST)

    गोड्डा के महागामा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को मतदान के दिन दूल्हा पिंटू यादव ने शादी की रस्म को छोड़कर मतदान करने के लिए बूथ पहुंच गए। उनकी शादी मंगलवार की रात को हुई थी। पिंटू ने कहा कि मतदान करना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। लोग पिंटू के इस कदम की सराहना कर रहे हैं जो लोकतंत्र में हर एक वोट के महत्व को दर्शाता है

    Hero Image
    दुल्हन लेकर घर पहुंचे दूल्हे ने पहले किया मतदान

    विधु विनोद, गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को मतदान के दिन लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर निकलकर सामने आई। शादी की रस्म को छोड़कर दूल्हा मतदान करने अपने बूथ पहुँच गया। यह वाकया महागामा विस क्षेत्र के मेहरमा प्रखंड के खिरौंधी गांव के निवासी पिंटू यादव का है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुधवार की सुबह शादी की रस्म को छोड़कर पिंटू मतदान करने के लिए सीधे बूथ पहुंच गया। उनकी शादी मंगलवार की रात को हुई।

    बुधवार की सुबह दुल्हन को घर लाने के बाद उसे शादी की कुछ रस्म निभानी थी लेकिन उसने पहले मतदान करना जरूरी समझा। पिंटू ने कहा कि मतदान करना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। शादी की रस्म एक घंटे बाद भी निभाई जा सकती है।

    लोकतंत्र में हर एक वोट का महत्व

    दूल्हे का यह कदम न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह चर्चा का भी विषय बन गया है। एक जागरूक नागरिक अपने व्यक्तिगत खुशियों को कुछ देर के लिए अलग कर देश और समाज के प्रति अपने दायित्व को प्राथमिकता दे सकता है।

    लोकतंत्र में हर एक वोट का महत्व है और यह एक ऐसी जिम्मेदारी है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। पिंटू यादव ने बताया कि 19 तारीख को उनकी शादी थी और 20 तारीख को वह सुबह-सुबह शादी कर लौटे थे। 

    जब वह वोट देने के लिए घर में अपना वोटर आईडी कार्ड ढूंढने लगे तो उनकी नई नवेली दुल्हन भी पूछने लगी कि वह कहां जा रहे हैं, लेकिन वह रस्मों को छोड़कर पहले वोट देने के लिए अपने बूथ पर पहुंच गए।

    घर पहुंचते ही मतदान को लेकर गंभीर हो गए

    वहीं, दूल्हे के गांव के एक युवक सोनू कुमार ने बताया कि वह भी पिंटू यादव की शादी में बराती बनकर गए थे और सुबह आठ बजे दुल्हन लेकर वापस लौटे।

    सोनू ने बताया कि पिंटू घर पहुंचते ही मतदान को लेकर गंभीर हो गए। वह दुल्हन के साथ शादी की कुछ रस्मों को छोड़कर वोट देने के लिए बूथ पर पहुंच गए। पूरे गांव में पिंटू की वाहवाही हो रही है। लोग पिंटू के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।

    बता दें कि झारखंड में दूसरे चरण का मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। इसको लेकर, वोटर्स के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 38 सीट पर शाम तीन बजे तक  61.47 प्रतिशत मतदान हुआ था।

    यह भी पढ़ें-

    Jharkhand Chunav: बूथों पर लगीं लंबी कतारें, लोगों में दिखा गजब का उत्साह; यहां एक भी EVM नहीं हुई खराब

    Jharkhand Election 2024: लाल गढ़ की धरती पर उड़ा लोकतंत्र का गुलाल, कहीं लंबी कतार तो कहीं 3 पीढ़ी ने एकसाथ किया मतदान