मोहनपुर जेल के पास से गिरफ्तार किए गए किसान जनता पार्टी के 2 नेता, इस मामले में हुई कार्रवाई
गिरिडीह पुलिस ने किसान जनता पार्टी के दो नेता दासो मुर्मू और विजय सिंह को मोहनपुर जेल के पास से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी तिसरी अंचल कार्यालय में 28 अप्रैल को हुए लाठीचार्ज और झड़प मामले में हुई है। दोनों नेता किजपा नेता अवधेश कुमार सिंह से मिलने जेल पहुंचे थे जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। तिसरी थाने की पुलिस ने किसान जनता पार्टी के दो और नेताओं को शनिवार की शाम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नेताओं में दासो मुर्मू और विजय सिंह शामिल हैं।
इनकी गिरफ्तारी तिसरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में 28 अप्रैल को घटित घटना में हुई लाठीचार्ज और झड़प मामले में की गई है।
दोनों की गिरफ्तारी शनिवार शाम को मुफ्फसिल क्षेत्र गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा के समीप से की गई है।
पुलिस ने दोनों को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वे किजपा नेता सह केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह से मिलने जेल के पास पहुंचे थे। अवधेश सिंह को धनबाद के अस्पताल से गिरिडीह लाया गया था।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
इसी क्रम में जैसे ही दासो मुर्मू और विजय सिंह पुलिस वाहन के पास पहुंचे, तभी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को अपने साथ तिसरी थाना ले गई।
बता दें कि मांगों को लेकर तिसरी अंचल परिसर में धरना पर बैठे किजपा के सदस्यों और पुलिस-प्रशासन के बीच 28 अप्रैल को झड़प, पथराव, लाठीचार्ज की घटना घटित हुई थी। इस मामले में तिसरी थाने प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस मामले में पुलिस अब तक कुल 16 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें किजपा नेता अवधेश सिंह समेत कई आदिवासी महिला और पुरूष नेता शामिल हैं।
उक्त घटना में अवधेश सिंह को गंभीर चोट लगने के बाद उनका इलाज धनबाद के असर्फी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को उन्हें अस्पताल से वापस लाकर गिरिडीह केंद्रीय कारा भेजा गया।
यह भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।