Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गिरिडीह का तिसरी अंचल कार्यालय रणभूमि में तब्दील, किसान जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और प्रशासन में भिड़ंत; कई घायल

    Updated: Mon, 28 Apr 2025 11:27 PM (IST)

    गिरिडीह के तिसरी में किसान जनता पार्टी (किजपा) के कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच झड़प हो गई। रजिस्टर टू और खतियान की सत्यापित प्रति की मांग को लेकर किजपा कार्यकर्ता अंचल कार्यालय में घुस गए और सीओ के चैंबर में दरवाजा बंद कर लिया। सीओ को बचाने आए बीडीओ और पुलिसकर्मियों से कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। पथराव में कई लोग घायल हो गए।

    Hero Image
    गिरिडीह का तिसरी अंचल कार्यालय रणभूमि में तब्दील

    संवाद सहयोगी, तिसरी (गिरिडीह)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के गृह क्षेत्र तिसरी का अंचल कार्यालय सोमवार को देखते ही देखते रणभूमि में तब्दील हो गया।

    हालात तब बेकाबू हो गए जब, लंबे समय से रजिस्टर टू और खतियान की सत्यापित प्रति की मांग कर रहे किसान जनता पार्टी (किजपा) के कार्यकर्ताओं का जत्था सीओ अखिलेश्वर प्रसाद के चैंबर में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और सत्यापित प्रति के लिए सीओ पर दबाव बनाने लगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सीओ के बचाव में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनीष कुमार कुछ प्रखंडकर्मियों के साथ दरवाजा तोड़कर सीओ के चैंबर में घुसे और कार्यकर्ताओं को कमरे से बाहर निकालने का प्रयास करने लगे तो कार्यकर्ता भड़क उठे, पहले झड़प और इसके बाद मारपीट शुरू हो गई।

    इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मियों और प्रखंडकर्मियों समेत आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश सिंह को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर किया गया।

    इनके अलावा एसआइ नंद राय, महिला हवलदार शकुंतला बेहरा, चौकीदार राहुल यादव, किजपा के भागीरथ राय, मुंशी मुर्मू के साथ-साथ पुलिसकर्मी, प्रखंडकर्मी, अंचलकर्मी व किजपा के कुछ अन्य कार्यकर्ताओें को भी चोट आई है।

    पथराव में सीओ, पुलिस और जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रखंड मुख्यालय का मुख्य दरवाजा, कार्यालय की खिड़कियां और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा हुआ है, जिसका आकलन किया जा रहा है।

    दो महीने से आंदोलनरत हैं किजपा के कार्यकर्ता

    किजपा कार्यकर्ता पिछले दो महीने से तिसरी ब्लाक मुख्यालय में 32 मौजा के रजिस्टर टू और खतियान की सत्यापित प्रति की मांग को लेकर धरना, तालाबंदी और सड़क जाम कर रहे थे। प्रशासन से आश्वासन न मिलने के चलते आंदोलन उग्र हो गया।

    हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्ता

    किजपा के भागीरथ राय का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से सीओ से वार्ता कर रहे थे, तभी भू-माफिया के इशारे पर हमला किया गया।

    वहीं, डीएसपी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने दर्जनों किजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।

    घटना के बाद मौके पर एसडीओ और डीएसपी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सशस्त्र बल तैनात कर दिए गए हैं।

    पहुंचे आइजी, ली घटना की जानकारी

    सोमवार को मचे बवाल के बाद आइजी डॉ. माईकेलराज एस ने तिसरी थाना पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद एसडीओ अनिमेष रंजन, डीएसपी राजेंद्र प्रसाद, थाना प्रभारी रंजय कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी के साथ अंचल कार्यालय पहुंचे। सीओ अखिलेश्वर प्रसाद से घटना की जानकारी ली।

    सीओ ने कहा कि टेबल पर सरकारी और आमजन का काम का निपटारा कर रहा था। अचानक किजपा के लोग कार्यालय में घुस आए और रजिस्टर टू और खतियान की मांग करने लगे।

    सीओ से वार्ता के बाद आइजी वहां से निकल गए। आइजी ने सीओ के हवाले से बताया कि किजपा के लोग काफी दिनों से मांग को लेकर धरना पर बैठे थे।

    आरटीआइ से मांग करने पर अंचल से जवाब दिया गया था। सीओ ने बताया की सभी लोगों को रजिस्टर टू और खतियान नहीं दिया जा सकता है। व्यतिगत मांग पर उपलब्ध कराया जा सकता है। पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है।

    यह भी पढ़ें-

    Jharkhand DGP: केंद्र ने डीजीपी अनुराग गुप्ता के सेवा विस्तार पर लगाई रोक, हेमंत सोरेन को लिखा लेटर