Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Republic Day 2025: सीएम हेमंत सोरेन ने दुमका में फहराया तिरंगा, कहा- अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना हमारी परंपरा

    Updated: Sun, 26 Jan 2025 01:33 PM (IST)

    गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को झारखंड की उप राजधानी दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराया और झंडे को सलामी दी। मुख्य समारोह शहर के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया गया। पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह को देखने काफी संख्या स्थानीय जनता भी पहुंची थी। सीएम ने परेड निरीक्षण के दौरान जगह-जगह रुक कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

    Hero Image
    दुमका में सीएम हेमंत सोरेन फहराया झंडा। (हेमंत सोरेन एक्स)

    संवाददाता जागरण, दुमका। दुमका के पुलिस लाइन मैदान में रविवार को गणतंत्र दिवस पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वज फहराने के बाद बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि संताल परगना की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं वीर सपूतों की बलिदानी भूमि है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम ने कहा कि भारत के लिए गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गौरव और सम्मान है। आज का यह दिन हमारे सम्प्रभुता एवं जनतंत्र के प्रति गहरी आस्था का राष्ट्रीय पर्व है।

    अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करना हमारी परंपरा

    महान विभूतियों को नमन करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करना हमारी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि जब हम आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के अधिकार की बात करते हैं, तो स्वाभाविक रूप से जो नाम हमारे जेहन में सबसे पहले आता है, वह है संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का।

    ऐसे दूरदर्शी सोच रखने वाले राष्ट्रनिर्माता को, जिनके अथक प्रयास की बदौलत सदियों से शोषित इस वर्ग को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार मिला।

    हमारे संविधान ने सभी वर्गों के सामाजिक, धार्मिक, भाषाई एवं सांस्कृतिक हितों की रक्षा के साथ-साथ कमजोर वर्गों को अत्याचार और अन्याय से सुरक्षा प्रदान किया है।

    इसी का प्रतिफल है कि पिछले 75 वर्षों में देश के आदिवासी, पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से पहले की तुलना में काफी सशक्त हुए हैं।

    सीएम ने जनता का किया धन्यवाद

    सीएम ने कहा कि मेरा मानना है कि बाबा साहब के आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात कर, उनके पदचिन्हों पर चलकर ही हम विकास के लक्ष्यों को सही अर्थों में प्राप्त कर सकते हैं।

    सीएम ने कहा कि हाल ही में हमारे राज्य में विधान सभा के चुनाव सम्पन्न हुए हैं। यह चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। झारखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी सत्ताधारी दल ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की है।

    परेड का निरीक्षण करते सीएम।

    विधानसभा चुनाव में झारखंड के प्रत्येक वर्ग और समुदाय, विशेषकर हमारी माताओं-बहनों ने जो भरोसा और विश्वास जताया है, अपना भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है, उसके लिए हम हृदय से आभारी हैं।

    हम झारखंड की महान जनता का अभिनन्दन करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे ने हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ा दी हैं। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हम दोगुने उत्साह से कार्य कर रहे हैं।

    सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की दी जानकारी

    सीएम ने कहा कि हमारी सरकार झारखंडवासियों की खुशहाली के लिए यहां व्याप्त गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए, सदियों से शोषित एवं वंचित आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के हक अधिकार के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

    हम सामाजिक न्याय के साथ विकास के नये प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं। झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और झारखंडी अस्मिता को कायम रखते हुए हम विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।

    महिला सशक्तिकरण हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। आज से लगभग पांच महीने पहले हमारी सरकार ने झारखंड की बहनों-दीदियों की आर्थिक स्वतंत्रता और गरिमा सुनिश्चित करने के व्यापक उद्देश्य से मंईयां सम्मान योजना के तहत 56 लाख लाभुकों को प्रति माह 2500 रूपए उनके खातों में भेजा जा रहा है।

    दुमका मैदान में झांकियां देखते लोग।

    सीएम ने कहा कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के अन्तर्गत आठ लाख से अधिक किशोरियों को उनकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किया जा रहा है।

    सखी मंडल के रूप में ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। फूलो झानो आशीर्वाद योजना, दीदीबाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना के माध्यम से महिलाओं को आजीविका का सम्मानजनक विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है।

    पलाश ब्रांड के जरिए ग्रामीण महिला श्रम शक्ति को सम्मान मिला है। सर्वजन पेंशन योजना के माध्यम से राज्य के हर जरूरतमंद को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अबुआ आवास योजना के माध्यम से गरीबों को तीन कमरों का पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है।

    हरा राशन कार्ड, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना तथा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना जैसी लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों तथा जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा रहा है।

    राज्य में नियुक्ति की प्रक्रिया तेज

    सीएम ने कहा कि राज्य में नियुक्ति की प्रक्रिया को तीव्र करते हुए विभिन्न कोटि के लगभग 48 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेज दी गई है, जिसमें से 46 हजार पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया जा चुका है।

    इनमें से पांच हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा 28 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई अंतिम चरण में है।

    झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 11वीं व 13वीं सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया भी अंतिम चरणो में है। जल्द ही 342 पदों पर नियुक्ति के परीक्षाफल प्रकाशित किये जायेंगे।

    जो युवा स्वरोजगार करना चाहते हैं उन्हें आर्थिक मदद उपलब्ध करायी जा रही है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के माध्यम से स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए अनुदानित दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

    इस योजना के तहत् वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 7,625 आवेदन स्वीकृत किये गये हैं और लाभुकों के बीच 438 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है।

    झारखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में बोली जाने वाली जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं को ध्यान में रखते हुए मातृभाषा आधारित बहुभाषी शिक्षण व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

    राज्य सरकार के द्वारा विभिन्न जिलों के 1041 विद्यालयों में प्रायोगिक स्तर पर मातृभाषा आधारित शिक्षण व्यवस्था लागू की गयी है। राज्य में जनजातीय भाषाओं में मुंडारी, कुड़ुख, हो, खड़िया एवं संताली तथा क्षेत्रीय भाषाओं में बांग्ला एवं उड़िया की पाठ्यपुस्तकों का मुद्रण एवं वितरण किया गया है।

    राज्य के वैसे छात्र जो 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होने के बाद आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं, उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना संचालित की जा रही है।

    इस योजना के तहत 15 लाख रुपये तक ऋण 4 प्रतिशत साधारण ब्याज की दर में बैंको के माध्यम से उपलब्ध करायी जा रही है। इस योजना के तहत अब तक कुल 650 विद्यार्थियों को 40 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है।

    मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा एकलव्य प्रशिक्षण योजना के माध्यम से छात्र-छात्राओं को निशुल्क प्रशिक्षण एवं कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। 

    लोगों को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

    राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुलभ कराने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की शुरूआत की है। इस योजना के अन्तर्गत लाभुकों को प्रतिवर्ष, प्रति परिवार 15 लाख रुपये की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

    इसके साथ ही, राज्य सरकार के द्वारा सरकारी कर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवार को भी हर साल 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिये जाने पर स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

    इस वर्ष मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख-रखाव योजना प्रारंभ की गयी है। इस योजना के लिए 1 अरब 35 करोड़ की राशि की स्वीकृति प्रदान की गयी है।

    जल-जंगल-जमीन हमारी पहचान

    झारखंड की कला, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध विरासत, गीत-संगीत, भाषा एवं जीवन शैली को संरक्षित करने एवं इसे आगे बढ़ाने की दिशा में झारखंड आदिवासी महोत्सव का आयोजन सरकार का एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी कदम है।

    जल-जंगल-जमीन हमारी पहचान है और इस पहचान को बनाये रखते हुए हम विकास की ऊंचाईयों को छूने का प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न विभागों के झांकियों का भी अवलोकन किया।

    यह भी पढ़ें

    Republic Day 2025: मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल ने किया झंडारोहण, 44 अधिकारियों-कर्मियों को किया सम्मानित

    Jharkhand News: झारखंड को मिला बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का नेशनल अवार्ड, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित