1 दिन में 2.20 करोड़ की ठगी; 1 फोन नंबर ने उगला पूरा राज, पढ़ें पुलिस को भी हैरान करने वाला केस
Dumka News दुमका पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में घनश्याम मंडल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि घनश्याम ने एक दिन में 2.20 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पुलिस को उसके पास से दो दर्जन मोबाइल नंबर मिले हैं जिनसे वह साइबर अपराध करता था। पुलिस अब लूटी गई संपत्ति और पैसों का आकलन कर रही है।

अनूप श्रीवास्तव, दुमका। 27 अप्रैल को पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर अपराधी घनश्याम मंडल की अर्जित की गई संपत्ति की जानकारी जुटाने में पुलिस का पसीना छूट रहा है। उसने साइबर ठगी से इतनी संपत्ति जुटाई है कि पुलिस के लिए इसकी जांच करना आसान नहीं है।
संपत्ति के साथ पुलिस उसके पास से बरामद मोबाइल नंबर को भी खंगालने में लगी है। इसकी जांच में पुलिस के सामने जो सच सामने आया है, उसने महकमा की नींद उड़ा दी है। घनश्याम ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर एक दिन में 2.20 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
अभद्र व्यवहार के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
यह सच केवल एक मोबाइल नंबर की जांच के बाद सामने आया है। अभी ऐसे दो दर्जन नंबर हैं, जिनकी जांच बाकी है।
दरअसल, पुलिस ने 27 अप्रैल को रामगढ़ प्रखंड के दामोडीह के रहने वाले घनश्याम मंडल को वर्ष 23 में पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
जब उससे पूछताछ की गई तो उसके कारनामे जानने के बाद पुलिस के भी होश उड़ गए। पुलिस को पूछताछ में उसकी करोड़ों की संपत्ति होने का पता चला।
पुलिस ने उसके पास से करीब दो दर्जन मोबाइल नंबर हासिल किए। इन नंबरों का वह साइबर ठगी के लिए उपयोग करता था।
पुलिस का सिर चकराया
पुलिस ने इन नंबरों को अपने आधिकारिक एप पर लोड किया। जब इसकी जांच शुरू हुई तो पुलिस का सिर चकरा गया। पता चला कि एक नंबर से घनश्याम ने 2.20 करोड़ की ठगी की थी। सारा पैसा एक ही दिन में हासिल किया था।
पुलिस सूत्रों की मानें तो घनश्याम ने झारखंड ही नहीं कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया था। उसके गिरोह में काम करने वाले लोगों को ठगते और सारा पैसा किसी दूसरे खाते में पहुंच जाता था।
भाई को गिरोह में किया शामिल
आने वाले समय में कई राज्य की पुलिस दुमका आकर उसे केस के सिलसिले में रिमांड पर ले सकती है। पुलिस के एक पदाधिकारी ने बताया कि घनश्याम ने प्रखंड के कई गांव के युवाओं को अपने गिरोह में शामिल किया था। इसमें उसका भाई राजेश मंडल भी शामिल है।
घनश्याम की गिरफ्तारी के बाद उसके लिए काम करने वाले अंडर ग्राउंड हो गए हैं। रविवार को जरमुंडी और रामगढ़ थाना की पुलिस ने कई घरों में दस्तक दी, लेकिन एक भी साइबर अपराधी हाथ नहीं आया। लगातार उसके साथ काम करने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।