विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Dumka Crime: घर जमाई ही निकला सास व पत्नी का हत्यारा, कहा- ससुराल में नहीं मिलता था सम्मान

Published: Sun, 21 Sep 2025 03:07 PM (IST)

दुमका में राजू सोरेन नामक एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और नानी सास की हत्या कर दी क्योंकि वे उसे ...और पढ़ें

घर जमाई ही निकला सास व पत्नी का हत्यारा। फोटो जागरण
घर जमाई ही निकला सास व पत्नी का हत्यारा। फोटो जागरण

जागरण संवाददाता, दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के आमचुआं गांव में शुक्रवार की शाम पत्नी 19 वर्षीय सोना मुर्मू और उसकी नानी 70 साल की सोना बास्की की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दामाद राजू सोरेन को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया।

राजू ने पत्नी व ननिया सास की इसलिए हत्या की थी कि दोनों उसे सम्मान नहीं देती थी। उससे नौकर जैसा काम कराने के लिए दबाव डालती थी। राजू भी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।

पत्नी के इसी व्यवहार से आहत होकर उसने पहले पत्नी की जान ली और विरोध करने पर ननिया सास को मार डाला। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खूंटा और आरोपित की खून लगी टी शर्ट भी जब्त की है।

रविवार को आवासीय कार्यालय में दोहरे हत्याकांड की जानकारी देते हुए एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सोना बास्की की बड़ी बेटी का पति भी घर जमाई था।

डेढ़ साल पहले सोना मुर्मू की शादी काठीकुंड के जलुवाडुबा गांव के राजू सोरेन के साथ की थी। राजू से बेटी हुई। बेटा नहीं होने की वजह से राजू भी घर जमाई के रूप में रहने लगा। सास और पत्नी उससे घर का काम कराने के लिए दबाव डालती थी।

हर काम के लिए टोका जाता था। इससे राजू के मन में आक्रोश आ गया और उसने दोनों की हत्या कर दी। मौके पर एसडीपीओ विजय महतो, प्रशिक्षु डीएसपी आकाश भारद्धाज व शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लाकड़ा मौजूद थे।

पहले पत्नी फिर सास की ली जान

एसपी ने बताया कि राजू घर जमाई था, उसे घर के सारे कार्य और खेती का भार दे दिया गया। एक प्रकार से उससे नौकर जैसा व्यवहार किया जाने लगा। दोनों उसे हर काम के लिए ताने देती थी।

राजू अपने को घर जमाई कम और दामाद ज्यादा समझता था। काम से इंकार करने पर पत्नी डांट देती थी। घर में किसी तरह की कद्र नहीं होने की वजह से उसने पत्नी की हत्या करने की ठान ली।

शुक्रवार की शाम गांव में फुटबाल मैच देखने के बाद शाम सात बजे घर आया तो पत्नी से कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर मवेशी बांधने वाले खूंटा से पहले पत्नी पर हमला कर मार दिया, जब सास बचाने आई तो उसे भी मार डाला। हत्या के बाद घर में नहाया और सरसडंगाल की ओर भाग गया।

पत्नी के चरित्र पर करता था शक

एसपी ने बताया कि राजू को अपनी पत्नी के चाल चलन पर शक था। अक्सर पत्नी छह माह की बेटी को छोड़कर गांव में चली जाती थी। तालाब पर नहाने के लिए घंटों लगा देती थी।

पति को घर में छोड़कर कहीं भी निकल जाती थी। उसकी इन हरकत से राजू के मन में बात घर कर गई कि पत्नी उसकी जगह गांव के दूसरे लोगों को ज्यादा मानती हैं। उसके मन में पति की कोई कद्र नहीं है।

कैसे पुलिस को हुआ दामाद पर शक?

पुलिस को जब हत्याकांड की जानकारी मिली तो वह सीधे घटनास्थल पर पहुंची। घर में केवल पत्नी, सास के अलावा राजू ही था। सोना मुर्मू के माता पिता दूसरे गांव गए हुए थे। जब पुलिस ने राजू से पूछताछ की तो वह अकबका गया।

उसके बयान में लगातार विरोधाभास दिखा। इसी के आधार पर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार ली। उसकी निशानदेही पर खून लगा खूंटा और टी शर्ट बरामद की गई।

यह भी पढ़ें- दुमका में रात के सन्नाटे में डबल मर्डर, नानी-नातिन की धारदार हथियार से हत्या