दहेज में ट्रैक्टर न मिलने पर दामाद ने ससुर को पीट-पीटकर मार डाला, देवघर में गिरफ्तार
दुमका के सरैयाहाट में दहेज में ट्रैक्टर न मिलने पर दामाद ने ससुर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रविन्द्र कापरी अपनी बीमार बेटी से मिलने गए थे जहाँ दामाद सुधीर यादव ने ट्रैक्टर की मांग की और विवाद बढ़ने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रविन्द्र की अस्पताल में मौत हो गई और पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया।

संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के कदिया टोला में शुक्रवार को दहेज में ट्रैक्टर नहीं मिलने पर दामाद ने ससुर को पीट पीटकर घायल कर दिया।घायल को इलाज के लिए देवघर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को गोविंदपुर गांव निवासी पिता रविन्द्र कापरी को पता चला कि उनकी बेटी बीमार है। वे बेटी से मिलने कदिया टोला आए। बातचीत के दौरान दोनों में विवाद हो गया और दामाद सुधीर यादव ने ससुर की बेरहमी से लाठी डंडे एवं पत्थर से पिटाई कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट भेजा। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद ससुर को देवघर रेफर कर दिया गया।
ससुर से एक ट्रैक्टर की मांग
देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविंद्र के पास अपने तीन ट्रैक्टर है। सुधीर अपने ससुर से एक ट्रैक्टर की मांग कर रहा था, लेकर ससुर ने देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर अक्सर दोनों में विवाद होता रहता था।
शुक्रवार को रविन्द्र को पता चला कि बेटी को अपेंडिक्स हो गया है। इसके बाद वह बेटी से मिलने चला गया। रविन्द्र बेटी को बेहतर इलाज के लिए घर ले जाना चाहता था, लेकिन दामाद ने जिद पकड़ ली कि अगर ट्रैक्टर नहीं मिला तो वो अपनी पत्नी को ले जाने नहीं देगा। इसी विवाद में उसने ससुर पर जान लेवा हमला कर दिया।
थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी ने देवघर पुलिस को बयान दिया है। बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपित दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।