अपने ममेरे भाइयों की जान का दुश्मन बना प्रिंस, ले रहा लाला की हत्या का बदला, मामा फहीम को नहीं हो रहा यकीन
इकबाल पर गोली चलने की घटना ने फहीम खान को परेशान कर दिया है क्योंकि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि उसका भांजा प्रिंस अपने ही ममेरे भाइयों की जान का दुश् ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। वासेपुर के गैंगस्टर फहीम खान को पहली बार घरेलू विवाद में बड़ा झटका लगा है। कुछ दिन पूर्व फहीम खान के बड़े बेटे इकबाल को वासेपुर न्यू मटकुरिया रोड में सरेआम गोली मारी गई। यह तो अच्छा था कि घटना में इकबाल खान बाल-बाल बच गया और उसका साथी ढोलू मौके पर ही ढेर हो गया।
भांजे प्रिंस की बातों को अनसुना करना मामा फहीम को पड़ा महंगा
परिवार के बीच आपसी अदावत का यह खेल इस तरह रक्तरंजित हो जाएगा शायद फहीम खान ने सोचा भी न होगा। फहीम इन दिनों घाघीडीह जेल में बंद है और उसका भांजा प्रिंस खान अपने ही ममेरे भाइयों की जान का दुश्मन बन बैठा है।
इससे पूर्व फहीम खान घरेलू विवाद में प्रिंस व गोपी खान की बातों को अनसुना कर उन्हें बड़बोलपन बताया करता था, पर इस बार इकबाल पर गोली चलने की घटना ने फहीम खान को भी विचलित कर दिया।
प्रिंस खान ने फहीम खान को दिया तगड़ा झटका
भांजे के बड़बोलेपन को नजरअंदाज करना फहीम को झटका दे गया। यह बात वासेपुर में भी आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है। ऐसे भी पिछले कुछ दिनों से फहीम खान का भांजा प्रिंस खान काफी चर्चा में है। जहां फहीम खान और उसका परिवार शांत है, वहीं प्रिंस आग उगल रहा है, जब भी प्रिंस खान ने इंटरनेट मीडिया पर आडियो-वीडियो जारी किया, उसमें फहीम खान के पुत्रों को चुनौती दी है।
लाला खान की हत्या का बदला ले रहा प्रिंस
दरअसल, इकबाल पर गोली चलवाकर प्रिंस खान ने अपने ममेरे भाईयों पर सीधा हमला करना शुरू कर दिया है। वासेपुर के जमीन कारोबारी लाला खान की हत्या फहीम खान के पुत्र शहजादा ने प्लानिंग के तहत की है। यही आरोप लगाते हुए प्रिंस खान फहीम खान के पुत्रों से जंग छेड़ दिया है।
दरअसल, लाला खान की हत्या से प्रिंस खान को काफी आर्थिक नुकसान हुआ था और वह नुकसान की भरपाई अपने ममेरे भाइयों की हत्या कर पूरा करना चाहता है।
प्रिंस के इशारे पर ही इकबाल पर चली गोली
वासेपुर के जमीन कारोबारी लाला खान की हत्या के बाद प्रिंस खान ने फहीम खान के पुत्र शहजादा के काफी करीबी जमीन कारोबारी नन्हें खान की भी हत्या कराई। तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद और गहराया है।
सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बात यह है कि अब तक मामा-भांजे के बीच लड़ाई में दूसरे का ही विकेट गिरता था। वासेपुर में एक जगह पर रहने के बावजूद दोनों परिवार के बीच बयानबाजी के अलावा कभी खूनी खेल की शुरुआत नहीं हुई थी, पर इस बार गैंगस्टर फहीम खान के पुत्र इकबाल खान अपने फुफेरा भाइयों के इशारे पर गोली से जख्मी हो गया है।
एक दशक पूर्व फहीम पर चली थी दर्जनों गोली
वासेपुर के साबिर आलम व फहीम खान के बीच गैंगवार के दौरान तकरीबन एक दशक पूर्व फहीम खान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस घटना में फहीम खान बाल-बाल बचा था। गोली चलाने वाला एक शख्स सुलतान पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौके पर ही मारा गया था।
गोलीबारी में बाच-बाल बची थी फहीम की जान
फहीम खान के घर पर एके 47 हथियार से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई थी। फहीम खान उस वक्त अपने आवासीय कार्यालय में था। रात नौ बजे के करीब चार अपराधी एके 47 हथियार से फहीम के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
हमलावर हरे रंग की मारुति वैन पर भाग रहे थे कि तभी पुलिस ने रांगाटांड़ से पीछा कर बेकारबांध तालाब के पास सुलतान नामक एक अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। इस घटना में बिहार के अपराधी सुलेमान का नाम आया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।