Maharashtra Congress: धनबाद की स्नेहा बनीं लीगल विंग की सचिव, जानिए इनकी खासियत
धनबाद के कार्मल स्कूल से स्कूली शिक्षा के बाद मुंबई विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक करने वाली स्नेहा ने कार्डिफ विश्वविद्यालय लंदन से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पिछले 15 वर्षों से मुंबई में रह रही हैं। मुंबई उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रही हैं।
धनबाद, जेएनएन। आपराधिक और साइबर अपराध विशेषज्ञ धनबाद की स्नेहा सिंह के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई हैं। स्नेहा को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने लीगल विंग का सचिव नियुक्त किया है। कांग्रेस लीगल विंग के चेयरमैन आसिफ शौकत कुरैशी ने उम्मीद जताई कि इस पद पर रहते हुए स्नेहा एक बेहतर मुकाम हासिल करेंगी। स्नेहा ने बताया कि उनके लिए यह गर्व की बात है। उनका प्रयास होगा कि पूरी इमानदारी के साथ अपना काम करें।
साइबर कानून विशेषज्ञ के रूप में पहचान
धनबाद के कार्मल स्कूल से स्कूली शिक्षा के बाद मुंबई विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक करने वाली स्नेहा ने कार्डिफ विश्वविद्यालय लंदन से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पिछले 15 वर्षों से मुंबई में रह रही हैं। 10 वर्षों से मुंबई उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रही हैं। अपराध, तलाक और साइबर अपराध से संबंधित कानून विशेषज्ञ के रूप में खास पहचान बना चुकी हैं। मुंबई पुलिस, हिमाचल पुलिस, दार्जिलिंग पुलिस समेत अन्य राज्यों की पुलिस को साइबर अपराध से संबंधित कानूनी पाठ पढ़ाने के लिए समय-समय पर सेमिनार करती रहती हैं। झारखंड पुलिस को साइबर अपराध विशेषज्ञ के रूप में देखना चाहती हैं। इसके लिए सेमिनार करने को लेकर झारखंड पुलिस से बातचीत चल रही है। स्नेहा बेकारबांध की रहनेवाली हैं।
बॉलीवुड अभिनेता-अभिनेत्रियों के लिए लड़ती कानूनी लड़ाई
स्नेहा रूहानियत फाउंडेशन से भी जुड़ी हुई हैं, यह महिला सशक्तीकरण, महिलाओं के कानूनी अधिकार, बच्चों के अधिकार पर काम कर रहा है। कई बॉलीवुड अभिनेता-अभिनेत्री और महत्वपूर्ण व्यक्तियाें का केस लड़ चुकी हैं। स्नेहा बाॅलीवुड अभिनेता अरबाज खान, गायक कैलाश खेर, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के साथ काम कर चुकी हैं।