Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Indian Railways: मधुपुर से धनबाद तक बिछेगी नई रेल लाइन, कम होगी गिरिडीह से देवघर की दूरी

    By Tapas BanerjeeEdited By: Deepak Kumar Pandey
    Updated: Fri, 25 Nov 2022 06:57 AM (IST)

    धनबाद से गिरिडीह के बीच रेल यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। रेलवे ने मधुपुर से धनबाद तक नई रेल लाइन बिछाने की योजना को मंजूरी दे दी है। नई रेल लाइन देवघर जिले के मरगोमुंडा होकर मधुपुर से धनबाद तक बिछेगी।

    Hero Image
    पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने इस संबंध में जानकारी दी है।

    जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद से गिरिडीह के बीच रेल यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर आई है। रेलवे ने मधुपुर से धनबाद तक नई रेल लाइन बिछाने की योजना को मंजूरी दे दी है। नई रेल लाइन देवघर जिले के मरगोमुंडा होकर मधुपुर से धनबाद तक बिछेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे ने पावर काॅरिडोर के रूप में झारखंड में पांच नई लाइन बिछाने की तैयारी की है। मधुपुर-धनबाद रेल लाइन इसी परियोजना का हिस्सा है। गोड्डा सांसद डाॅ. निशिकांत दुबे ने इन परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी रेल मंत्रालय से मांगी थी। रेलवे ने इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराया है। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने प्रत्येक परियोजना की बिंदुवार जानकारी दी है।

    धनबाद से गिरिडीह तक नई रेल लाइन बिछाने के लिए पहले हुए सर्वे में 70.70 किमी लंबी लाइन बिछाने का ट्रैफिक सर्वे हुआ था। बेंगलुरू की एजेंसी के सर्वे में धनबाद से न्यू गिरिडीह तक रेल लाइन प्रस्तावित थी। अब मधपुर से मरगोमुंडा होकर धनबाद तक बिछने वाली लाइन मात्र 50 किलोमीटर लंबी होगी। रेल लाइन बन कर तैयार होते ही धनबाद से गिरिडीह और देवघर दोनों जिले जुड़ जाएंगे।

    धनबाद संसदीय क्षेत्र में 20 किलोमीटर लंबी लाइन प्रस्तावित

    धनबाद से गिरिडीह के लिए प्रस्तावित 50 किमी नई रेल लाइन का 20 किमी का हिस्सा धनबाद संसदीय क्षेत्र में है। इसके लिए 300 करोड़ स्वीकृत भी है। हालांकि अब तक योजना को गति नहीं मिली है। अब गोड्डा सांसद की ओर से रेल मंत्रालय से प्रगति की जानकारी मांगे जाने से योजना को गति मिलने की उम्मीद जगी है।

    अभी दोगुनी से भी अधिक है धनबाद से मधुपुर की दूरी

    - अभी धनबाद से मधुपुर की दूरी वाया बराकर, चित्तरंजन व जामताड़ा 119 किमी

    - नई लाइन बिछ जाने से यह दूरी घट कर मात्र 50 किमी की होगी।

    - अभी मधुपुर तक पहुंचने में लगभग दो घंटे 40 मिनट का समय लगता है।

    - नई लाइन से सवा घंटे या डेढ़ घंटे में धनबाद से मधुपुर पहुंच सकेंगे।

    पारसनाथ-गिरिडीह-मधुबन तक 49 किलोमीटर लंबी लाइन को भी मंजूरी

    झारखंड की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं में शामिल पारसनाथ से गिरिडीह और मधुवन तक प्रस्तावित नई रेल लाइन बिछाने की भी मंजूरी मिल गई है। परियोजना का शिलान्यास तकरीबन चार साल पहले गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ने किया था। 49 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के बीच स्टेशन और हाॅल्ट भी निर्धारित किए जा चुके हैं। हालांकि शिलान्यास के बाद से योजना की गति धीमी है। अब रेलवे ने राज्य की पांच नई रेल लाइनों के साथ इस प्रोजेक्ट को भी गति देने की तैयारी शुरू की है। रेल लाइन बिछ कर तैयार हो जाने से देशभर से आने वाले तीर्थ यात्रियों को मधुबन तक पहुंचने की सीधी ट्रेन मिल सकेगी। अभी बड़े शहरों से आनेवाले यात्री पारसनाथ स्टेशन पर उतर कर मधुबन की यात्रा सड़क मार्ग से पूरी करते हैं।