Hafizul Hasan Ansari: झारखंड सरकार के इस नए मंत्री के बारे में कितना जानते हैं, यह रहा परिचय
Hafizul Hasan Ansari झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। मधुपुर के रहने वाले हफीजुल अंसारी को मंत्री बना ...और पढ़ें
देवघर [ आरसी सिन्हा ]। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अचानक अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राजभवन में हफीजुल हसन अंसारी को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अंसारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनके पिता झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष शिबू सोरेन भी उपस्थित थे। अंसारी जेएमएम की राजनीति करते हैं। अभी वे झारखंड विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। बगैर विधायक बने छह महीने तक मंत्री पद पर बने रह सकते हैं। उन्हें जेएमएम कोटे से मंत्री बनाया गया है। झारखंड के कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी की मृत्यु के बाद मंत्रिमंडल में झामुमो कोटे का एक मंत्री पद खाली हो गया था। उसी स्थान पर हफीजुल को मंत्री बनाया गया है।

हफीजुल हसन अंसारी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को मधुपुर में टीवी पर देखते स्वजन
नौकरी छोड़कर राजनीति में आए हफीजुल हसन अंसारी
झारखंड के नए मंत्री हफीजुल हसन अंसारी राज्य के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। वे नाैकरी छोड़कर झामुमो की राजनीति में आए हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्कूल मधुपुर से हफीजुल ने मैट्रिक तक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वह पटना चले गए। बीआईटी सिंदरी से बी टेक इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त करने के बाद कुछ दिनों तक झारखंड राज्य खनिज निगम में सर्वेयर के रूप में नौकरी भी की। अपने पिता जेएमएम के कद्दावर नेता हाजी हुसैन अंसारी के साथ वर्ष 1995 से साया की तरह राजनीति में सक्रिय रहे हैं। मधुपुर विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा का संगठन और चुनाव प्रचार प्रसार का वर्षों से जिम्मा हफीजुल अंसारी के हाथ में रहा है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के साथ हफीजुल
हाजी हुसैन अंसारी का पुत्र होना सबसे बड़ा परिचय
हफीजुल अंसारी की सबसे बड़ी योग्यता और परिचय झामुमो के कद्दावर नेता हाजी हुसैन अंसारी का पुत्र होना है। हाजी हुसैन झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री थे। पिछले महीने कोरोना से उनका निधन हो गया। अंंसारी मधुपुर से विधायक थे। उनके निधन के बाद हेमंत मंत्रिमंडल में एक पद खाली हो गया था। मुख्यमंत्री ने हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल अंसारी को मंत्री बनाकर मंत्रिमंडल में खाली स्थान को भर दिया है।
चार भाई में बड़े सबसे बड़े
हफीजुल हसन अंसारी चार भाई हैं। जिसमें वह सबसे बड़े हैं। दूसरा भाई का नाम तनवीरुल हसन है जो मधुपुर में मोटरसाइकिल का एक शोरूम चलाता है। तीसरा भाई शब्बीर अंसारी रांची में इंजीनियर के पद पर है। चौथा भाई एकरामूल हसन झारखंड विधानसभा में कार्यरत है।
अब विधायक बनने की चुनाैती
पिता के स्थान पर हफीजुल झारखंडं सरकार में मंत्री बन गए हैं। अब उनके सामने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने की चुनाैती है। बगैर विधायक बने कोई भी छह महीने तक ही मंत्री रह सकता है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के साथ झारखंड के मधुपुर विधानसभा का उपचुनाव होना है। उपचुनाव में झामुमो की ओर से हफीजुल प्रत्याशी बनाए जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।