Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद के पुटकी में बारिश का चौंकाने वाला ट्रेंड, 4 दिनों में दूसरी बार हुई राज्य में सबसे अधिक वर्षा

    धनबाद से 10 किमी दूर पुटकी में बारिश का चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आया है। मई में दूसरी बार राज्य में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले 2021 में पुटकी में 309 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था। विशेषज्ञ भू-आकृति परिवर्तन और न्यूक्लिएशन को कारण बता रहे हैं। इसके साथ ही धनबाद में रविवार को भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

    By Tapas Banerjee Edited By: Divya Agnihotri Updated: Mon, 05 May 2025 07:47 AM (IST)
    Hero Image
    पुटकी में मई के चार दिनों में दूसरी बार हुई राज्य में सबसे अधिक बारिश

    जागरण संवाददाता, धनबाद/रांची। Jharkhand Weather: प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। राजधानी रांची में शाम को हल्की हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं, धनबाद जिला मुख्यालय से तकरीबन 10 किमी दूर पुटकी में बारिश का ट्रेंड चौंकाने वाला है। मई के चार दिनों में यहां दूसरी बार पूरे राज्य में सबसे अधिक वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चार दिनों में दूसरी बार राज्य में सबसे ज्यादा बारिश

    एक मई को पुटकी में राज्य के अन्य जगहों की तुलना में सबसे अधिक वर्षा हुई थी। पिछले 24 घंटे के दौरान एक बार फिर पूरे राज्य में सर्वाधिक वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2021 के 30 सितंबर को 309 मिलीमीटर वर्षा का रिकॉर्ड बना था। उस दौरान भी झारखंड में सर्वाधिक वर्षा यहीं हुई थी। अब तक यहां आठवीं बार सबसे अधिक वर्षा का रिकॉर्ड बन चुका है।

    विशेषज्ञ बोले, भू-आकृति परिवर्तन और न्यूक्लिएशन के कारण ऐसा संभव

    मानसून अध्ययनकर्ता और भूगर्भशास्त्री डा. एसपी यादव का कहना है कि तीन दशक पहले और अभी के पुटकी में बदलाव आया है। खनन से ओबी डंप का पहाड़ बन गया है। इससे भू-आकृति में बदलाव आया है। अलग क्लाइमेटिक जोन बन गया है।

    खनन क्षेत्र में वैसे भी अधिक वर्षा होती है। ओबी डंप के ऊपर जमे धूल-कण से न्यूक्लिएशन होता है जो उस क्षेत्र में अधिक वर्षा का कारण है। इस क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ने को लेकर शोध हो तो कुछ और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।

    पुटकी में दर्ज वर्षा के आंकड़े

    • 30 सितंबर 2021 - 309 मिलीमीटर
    • 10 फरवरी 2022 - 35.8 मिलीमीटर
    • दो मई 2022 - 14.8 मिलीमीटर
    • छह मई 2022 - 4.8 मिलीमीटर
    • सात मई 2022 - 17.6 मिलीमीटर
    • दो जुलाई 2022 - 44.4 मिलीमीटर
    • एक मई 2025 - 38.6 मिलीमीटर
    • चार मई 2025 - 57.0 मिलीमीटर

    राज्य में सबसे कम तापमान वाला शहर बना धनबाद

    मई के पहले सप्ताह में रुक-रुककर बारिश से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। शनिवार के बाद रविवार को भी शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। 30.0 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ धनबाद राज्य के अन्य जिलों की तुलना में सबसे कम तापमान वाला शहर बन गया है।

    बादल छाने के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मंगलवार तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सात को भी आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

    ये भी पढ़ें

    Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मौसम को लेकर अलर्ट जारी, आंधी-तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा

    Bihar Weather Today: बिहार के इन 8 जिलों में बारिश और तूफान बरपाएगा कहर, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट