Jharkhand Weather: झारखंड में गर्मी को जाइए भूल, तीन दिन बाद मौसम रहेगा कूल-कूल
मई महीने की शुरुआत होने के बाद भी प्रदेश का मौसम खुशनुमा बना हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मई के पहले सप्ताह में सामान्य से अधिक बारिश होने से तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। दूसरे सप्ताह में तापमान में इजाफा हो सकता है।

जागरण संवाददाता, धनबाद/रांची। Jharkhand Weather: अप्रैल की विदाई के बाद मई का स्वागत गरज-चमक व आंधी-बारिश से हुआ। राजधानी रांची में शनिवार को भी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, बारिश की वजह से लोगों को गर्मी के सितम से राहत मिलेगी। तापमान में गिरावट की संभावना है।
घर में घुसा बारिश का पानी
शुक्रवार को धनबाद के तेतुलतल्ला के रेल आवासों में बारिश का पानी घुसने से घर के सामान तैरने लगे। पिछले 24 घंटे के दौरान आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है।
शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने छह मई तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है।
अगले हफ्ते से बढ़ेगा पारा
पहले सप्ताह में सामान्य से अधिक बारिश होने से तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। इस वजह से गर्मी से राहत मिलेगी। पर मई के दूसरे सप्ताह में वर्षा सामान्य से कम होगी।
अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही गर्मी तेवर दिखाएगी। दिन के साथ रातें उमस भरी हो सकती हैं। 18-19 से बढ़ कर न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री तक पहुंच सकता है।
गर्जन-वज्रपात व आंधी का आज यलो और कल ऑरेंज अलर्ट
शनिवार को गर्जन व वज्रपात का खतरा हो सकता है। आंधी भी चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके बाद रविवार को भी गर्जन-वज्रपात के साथ तेज आंधी चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छह मई तक बारिश की गतिविधि जारी रहने के बाद सात को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। आठ मई से मौसम साफ होगा।
ओलावृष्टि से सफेद हुई पहाड़ों से घिरी टुंडी की वादियां
पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के टुंडी क्षेत्र में गरज के साथ आंधी-बारिश हुई। बारिश के साथ ओले भी गिरे। जमकर हुई ओलावृष्टि से घर-आंगन के साथ पहाड़ों से घिरी टुंडी की वादियां सफेद हो गईं। स्थानीय लोगों ने ओलावृष्टि को मोबाइल में कैद किया।
रांची में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमनान 19 डिग्री सेल्सियस बने रहने के आसार हैं। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।