Bihar Weather Today: बिहार में नहीं थम रहा मौसम का कहर, आंधी-बारिश ने बढ़ाई आफत; बिजली गिरने का भी अलर्ट
बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 7 मई तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही बने रहने के आसार हैं। आज भी प्रदेश के 23 जिलों में आंधी-तूफान बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 मई के बाद तापमान में तेजी से इजाफा होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather Today: प्रदेश में अभी मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। कहीं बादल देखे जा रहे हैं तो कहीं गरज-तड़क के साथ वर्षा हो रही है। वहीं, कई जिलों में तेज धूप निकल रही है। दोपहर में तपिश इतनी ज्यादा है कि दो मिनट भी धूप बर्दाश्त नहीं हो रही है। अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने के आसार हैं।
हालांकि, मई में पूर्वी भागों के अधिसंख्य भागों के अधिकतम तापमान सामान्य से कम, उत्तर मध्य भागों में सामान्य व पटना सहित शेष भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
इस दौरान तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। पश्चिम भागों में दो से तीन दिन हीट वेव एवं पश्चिम भागों में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है। बाकी इलाकों में गर्म हवाएं चलेंगी।
राजधानी समेत 23 जिलों में गरज-तड़क के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित 23 जिलों के अलग-अलग भागों में झोंके के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात, मेघ गर्जन को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सात मई तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में तेज हवा के साथ गरज-तड़क को लेकर पूर्वानुमान है। इस दौरान मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।
इन इलाकों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पटना के मनेर, मसौढ़ी समेत बेगूसराय, जहानाबाद, बांका, जमुई, नवादा, गया, भागलपुर, मुंगेर के अलग-अलग भागों में वर्षा दर्ज की गई। बेगूसराय के मटियानी में 42.6 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। पटना के मनेर में 38.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
अप्रैल में डेहरी व गया रहा सबसे गर्म
अप्रैल में डेहरी व गया 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। 26 अप्रैल को डेहरी व गया में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, राजधानी में 43.0 डिग्री सेल्सियस सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26 अप्रैल को दर्ज किया गया था।
पटना में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस 11 अप्रैल को दर्ज किया गया था। अप्रैल में सामान्य से 170 फीसद अधिक वर्षा प्रदेश में हुई। माह में आठ दिन ठनका गिरा।
इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा
- जहानाबाद के मोदनगंज- 31.6 मिमी
- मुंगेर के संग्रामपुर -30.2 मिमी
- बांका के कटोरिया -25.2 मिमी
- बांका -24.4 मिमी
- जमुई के चकाई -18.4 मिमी
- पटना के मसौढ़ी -16.4 मिमी
- गया के मोहनपुर -12.2 मिमी
- भागलपुर के नाथनगर -11.2 मिमी
- नवादा के रजौली -10.6 मिमी
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम (तापमान डिग्री सेल्सियस में) | न्यूनतम (तापमान डिग्री सेल्सियस में) |
पटना | 34.0 | 22.2 |
गया | 35.7 | 18.4 |
भागलपुर | 34.0 | 21.9 |
मुजफ्फरपुर | 33.2 | 23.5 |
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।