Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रिंस खान और मेजर ने राजगंज में बढ़ाया दायरा, गोलीकांड के बाद दो अन्य पंप संचालक से मांगी रंगदारी

    Updated: Sun, 14 Sep 2025 05:30 AM (IST)

    राजगंज में प्रिंस खान और मेजर के नाम से कारोबारियों को धमकी मिल रही है। चालीबंगला में एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग की गई जिसकी जिम्मेदारी मेजर ने ली। दलूडीह और जरमुनई में पेट्रोल पंप मालिकों से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

    Hero Image
    वासेपुर के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर प्रिंस खान की फाइल फोटो।

    संवाद सहयोगी, राजगंज। शहरी क्षेत्र के बाद अब ग्रामीण इलाका भी सुरक्षित नहीं रहा। ग्रामीण क्षेत्र में कारोबार करने वाले लोगों को प्रिंस खान व मेजर के नाम से धमकी मिल रही है।

    पिछले मंगलवार को चालीबंगला स्थित कारोबारी बीरबल मंडल के पेट्रोल पंप पर अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया। उसी दिन शाम को इसकी जिम्मेदारी मेजर ने ली थी।

    ठीक दूसरे दिन राजगंज थाना क्षेत्र के दलूडीह एवं जरमुनई में संचालित पेट्रोल पंप के मालिकों को 50 लाख रुपये रंगदारी देने का धमकी दिया गया।

    मेजर के नाम पर संचालकों के मोबाइल पर वाइस रिकॉर्डिंग एवं वॉट्सऐप मैसेज भेजकर रंगदारी की मांग की गई। इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने में परहेज कर रही है।

    बताया जा रहा है कि धमकी मिलने की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया। जिसके बाद दोनों जगहों में पुलिस ने अपनी निगरानी बढ़ा दी है। सादे लिबास में पुलिस कर्मी प्रतिष्ठान के आस पास निगरानी कर रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आपराधिक गिरोह द्वारा भेजे गए मोबाइल मैसेज में इस बात का जिक्र किया है कि गोलीबारी में बीरबल का मैनेजर बच गया। जल्दी दो वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। जिससे पंप में कार्यरत कर्मियों में भय का माहौल है। एक कर्मचारी ने बताया कि मालिक ने सभी को सतर्क रहने के लिए कहा है।

    शनिवार को कपुरिया पुलिस राजगंज पहुंची 

    पेट्रोल पंप की सुरक्षा के मद्देनजर वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर कपुरिया ओपी की पुलिस टीम राजगंज पहुंची। थाना प्रभारी प्रमोद लकड़ा ने थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप जाकर जायजा लिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मियों को दिशा निर्देश दिया।

    उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठान परिसर एवं आस-पास कम से कम छह हाई रेजुलेशन का सीसीटीवी कैमरा होनी चाहिए। साथ ही हूटर (तेज आवाज की मशीन) लगाने को कहा गया।

    स्पष्ट रूप से स्थानीय थाना व अन्य पदाधिकारियों का मोबाइल नंबर अंकित करने को कहा गया। सूत्रों के अनुसार राजगंज इलाके में अपराधिक गतिविधि बढ़ जाने के कारण अन्य थाने की पुलिस को क्षेत्र में निगरानी के लिए लगाया गया है।

    इधर पांच दिन बीतने के बाद गोलीकांड घटना में पुलिस जगह जगह संदिग्धों की तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक पुलिस को ठोस सफलता नहीं मिल पाई है।