Dhanbad Weather: दो दिनों से धनबाद की रातें सबसे ठंडी, पांच दिनों में 10 डिग्री चढ़ेगा पारा
धनबाद में पिछले दो दिनों से रातें सर्द हो रही हैं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री तक गिर गया है। अप्रैल में नवंबर जैसी ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी किया है गर्जन के साथ आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं अगले पांच दिनों में तापमान में 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Weather: बादल छाने और तेज हवा के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहने से जिले के तापमान में गिरावट आई है। पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से धनबाद की रातें सबसे सर्द हैं। अप्रैल महीने की रात में नवंबर जैसी ठंडक घुली है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार को इसमें और गिरावट आ गई और न्यूनतम तापमान गिर कर 18.8 डिग्री पर पहुंच गया। अलग-अलग हिस्से में गर्जन के साथ आंधी-बारिश का दौर अगले तीन-चार दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी किया है।
23 अप्रैल तक बारिश की संभावना
23 को भी उत्तर पूर्वी भागों में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का अनुमान जताया गया है। इस बीच तापमान में भी बढ़ोतरी के आसार हैं। पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 10 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
अधिकतम तापमान 30-31 से बढ़कर 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, दिन में तेज धूप के बाद मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिल जाएगी।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और आसपास से होकर झारखंड तक चक्रवाती घेरे के रूप में ट्रफ बन गया है। उत्तर प्रदेश में भी यह चक्रवाती घेरे के रूप में सक्रिय है।
इसके साथ ही झारखंड से बंगाल होकर असम तक ट्रफ बना है, जो बांग्लादेश तक चक्रवाती घेरे के रूप में सक्रिय है। एक साथ कई प्रणाली के सक्रिय होने से मौसम रंग बदल रहा है। जिन स्थानों से ट्रफ लाइन नजदीक से गुजर रहा है, वहां गर्जन के साथ आंधी-बारिश हो रही है।
धनबाद में अगले पांच दिनों का संभावित तापमान
दिन | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में) | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
शनिवार | 33 | 25 |
रविवार | 36 | 26 |
सोमवार | 39 | 26 |
मंगलवार | 40 | 26 |
बुधवार | 41 | 25 |
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।