Chhath Puja 2023: धनबाद में छठ घाट पर उमड़ी भीड़, 3 लाख व्रतियों ने दिए अर्घ्य; अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना की
धनबाद में राजेंद्र सरोवर पार्क छठ घाट पर दोपहर तीन बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। शाम साढ़े चार होते-होते राजेंद्र सरोवर घाट पर पैर रखने तक की ज ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। राजेंद्र सरोवर पार्क छठ घाट पर दोपहर तीन बजे से ही श्रद्धालुओं का जुटान होने लगा। साढ़े चार बजते-बजते राजेंद्र सरोवर के तीनों ओर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। लगभग चार हजार श्रद्धालुओं से राजेंद्र सरोवर पट गया। हर तरफ छठव्रतियां और श्रद्धालु ही दिख रहे थे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बीच-बीच में पूजा समिति माइक से अनुरोध करती दिखी। तालाब के अंदर न जाएं, जहां तक बैरिकेड है वहीं तक श्रद्धालु पूजा करें। जैसे ही घड़ी की सुई पांच पर पहुंची सूर्य अस्त होने लगा।
छठ गीत से गुंजायमान होता रहा घाट
सभी छठव्रतियों ने पानी में खड़े होकर अर्घ्य देते हुए भगवान भास्कर को नमन किया। इस बीच छठ गीत गुंजायमान होता रहा। नगर आयुक्त रविराज शर्मा राजेंद्र सरोवर पार्क पहुंचे। यह नजारा सिर्फ राजेंद्र सरोवर ही नहीं धनबाद के लगभग सभी तालाबों में देखने को मिला।
छठ महापर्व पर धनबाद के हर घाट पर भक्ति और आस्था का अदभुत संगम दिखाई दिया। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए जुड़े हाथ अपने स्वजन और देश के कल्याण की कामना करते दिखे।
पांच तालाबों में ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी भक्ति भाव में रमे रहे। विकासनगर, बरमसिया, लोको टैंक, राजेंद्र सरोवर और मनईटांड़ छठ तालाब में अप्रत्याशित श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।
इन पांच तालाबों में ही 20 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचे। नगर निगम क्षेत्र के 88 समेत 131 छठ घाट पर महापर्व का आयोजन हुआ। यहां तीन लाख से अधिक श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे। इसे दोगुने लोगों ने अपने घरों और मोहल्लों में अस्थाई तालाब बनाकर सूर्य देवता को अर्घ्य समर्पित किया।
कुछ तालाबों के दूषित जल की वजह से लोगों ने अपने घरों में ही रह कर उपासना की। व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना की।
अपने घरों में अस्थाई घाट बनाकर की पूजा अर्चना
हाउसिंग कॉलोनी के एमआइजी-आर चेतना मंच छठ तलाब में छठ पूजा हुई। यहां लगभग 450 लोग जुटे। इस बार चेतना मंच की ओर से विशेष तैयारी की गई थी। 24 घंटे जनरेटर लगाकर यहां स्वच्छ पानी डाला गया। इससे पहले तालाब से गंदा पानी निकाल कर बाहर किया गया। श्रमदान करके लोगों ने यह तालाब तैयार किया।
चेतना मंच के अनिमेष सिंह, बाबुल, चुलबुल, आदित्य और आनंद समेत वालेंटियर मुस्तैद रहे। इसके अलावा आरके नगर नावाडीह, मनईटांड़, जय प्रकाश नगर, झाड़ूडीह, कुसुम विहार, कोयला नगर, श्रीराम कुंज, जोड़ाफाटक, सहयोगी नगर, विनोद नगर आदि जगह लोगों ने अपने अपार्टमेंट और घर के ऊपर अस्थाई तालाब बनाकर सूर्य की उपासना की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।