कोयला उत्पादन में बीसीसीएल लक्ष्य से 16% पीछे, कोल इंडिया की चिंता बढ़ी; ECL और WCL ने किया अधिक प्रोडक्शन
कोल इंडिया की समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ कि बीसीसीएल चालू वित्त वर्ष में कोयला उत्पादन लक्ष्य से 16% पीछे है और पिछले साल से भी 8.63% कम उत्पादन किया है। वहीं, ईसीएल और डब्ल्यूसीएल ने लक्ष्य से अधिक उत्पादन किया।

केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री ने उत्पादन व डिस्पैच बढ़ाने का दिया निर्देश।
HighLights
बीसीसीएल कोयला उत्पादन लक्ष्य से 16% पीछे रहा।
ईसीएल और डब्ल्यूसीएल ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उत्पादन किया।
केंद्रीय मंत्री ने कोयला उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला उत्पादन के मोर्चे पर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक बना हुआ है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य से करीब 16 प्रतिशत पीछे चल रही है। इतना ही नहीं, पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में भी बीसीसीएल के उत्पादन में 8.63 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
कोल इंडिया की समीक्षा बैठक में सामने आए आंकड़ों ने बीसीसीएल की कमजोर स्थिति उजागर कर दी है। वहीं, कोल इंडिया की दूसरी कंपनियां उत्पादन के मामले में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ईसीएल और डब्ल्यूसीएल ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उत्पादन कर अपनी उपलब्धि 102 प्रतिशत से ऊपर पहुंचा दी है।
बीसीसीएल के लगातार पिछड़ने से धनबाद-झरिया कोयलांचल में चिंता बढ़ गई है। उत्पादन में गिरावट का असर कंपनी के कोयला डिस्पैच और राजस्व पर भी पड़ सकता है। कोल इंडिया की समीक्षा बैठक में बीसीसीएल के प्रदर्शन पर विशेष चर्चा हुई। कंपनी को आने वाले महीनों में उत्पादन की रफ्तार बढ़ाकर निर्धारित लक्ष्य के करीब पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीसीसीएल का निर्धारित उत्पादन लक्ष्य 39 मिलियन टन है। समीक्षा अवधि तक कंपनी के लिए निर्धारित लक्ष्य 22.09 मिलियन टन था, जबकि वास्तविक उत्पादन महज 18.60 मिलियन टन रहा।
इस तरह कंपनी लक्ष्य का केवल 84.18 प्रतिशत ही हासिल कर सकी। पिछले वर्ष इसी अवधि में बीसीसीएल ने 20.35 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। इस लिहाज से कंपनी का उत्पादन 1.75 मिलियन टन कम हुआ है।
केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री ने की समीक्षा, उत्पादन बढ़ाने का निर्देश
इधर, केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सोमवार को सभी कोयला कंपनियों के सीएमडी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी कंपनियों को हर हाल में कोयला उत्पादन और डिस्पैच का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कंपनियों से उत्पादन में आ रही समस्याओं की जानकारी भी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। मंत्री ने विशेष रूप से बिजली संयंत्रों को कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पावर प्लांटों में कोयले की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उत्पादन के साथ-साथ डिस्पैच की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए।
ईसीएल और डब्ल्यूसीएल का प्रदर्शन बेहतर
कोल इंडिया की दूसरी अनुषंगी कंपनियों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने 102.88 प्रतिशत उत्पादन लक्ष्य हासिल किया है। कंपनी का वास्तविक उत्पादन 30.24 मिलियन टन रहा, जबकि निर्धारित लक्ष्य 29.39 मिलियन टन था।
इसी तरह वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) ने 102.91 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए 37.05 मिलियन टन उत्पादन किया है।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने 91.26 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। कंपनी का उत्पादन 47.93 मिलियन टन रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 20.28 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) 87.05 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पीछे है। एनसीएल के उत्पादन में पिछले साल की तुलना में 13.45 प्रतिशत की गिरावट आई है।
कोल इंडिया का उत्पादन 433 मिलियन टन के पार
कोल इंडिया लिमिटेड की सभी अनुषंगी कंपनियों को मिलाकर कुल उत्पादन 433.02 मिलियन टन पहुंच गया है। समीक्षा अवधि तक निर्धारित 462.61 मिलियन टन के लक्ष्य के मुकाबले यह 93.60 प्रतिशत उपलब्धि है। हालांकि, पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में हुए 427.29 मिलियन टन उत्पादन की तुलना में इस बार 1.34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।