जहां बालू वहां तस्कर, बराकर हो या दामोदर: धनबाद में बेखौफ अवैध खनन, नदियों के अस्तित्व पर खतरा
धनबाद के निरसा, टुंडी, चिरकुंडा और मैथन में बराकर व दामोदर नदियों से अवैध बालू खनन जारी है। खनन विभाग व पुलिस की कथित मिलीभगत से तस्कर बेखौफ हैं, जबकि उपायुक्त ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

निरसा, टुंडी, चिरकुंडा और मैथन के घाटों से बालू तस्करी, अवैध खनन से नदी को खतरा।
HighLights
निरसा, टुंडी, चिरकुंडा, मैथन में अवैध बालू खनन चरम पर।
नदियों के अस्तित्व और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान।
पुलिस-खनन विभाग की मिलीभगत से तस्कर बेखौफ, जांच का आदेश।
रामजी यादव, मैथन। कोयलांचल में जमीन के नीचे जहां 'काला हीरा' दबा है, वहीं यहां बहने वाली नदियां 'पीला सोना' उगलती हैं। इसी पीले सोने यानी बालू पर तस्करों की निगाह रहती है। निरसा, मैथन, टुंडी और चिरकुंडा में बराकर और दामोदर नदी के अलग-अलग घाटों से अवैध रूप से उठाया गया बालू ट्रैक्टर व हाइवा के जरिये सप्लाई होता है।
अवैध खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए खनन विभाग और पुलिस, कागज पर तो मुस्तैद रहती है, लेकिन जमीन पर कहीं नजर नहीं आती। पड़ताल में सामने आया कि जिला खनन पदाधिकारी से लेकर स्थानीय थाना की पुलिस भी तस्करों को बालू की लूट की छूट दे रखी है।
इसलिए बालू तस्कर बेखौफ होकर इस अवैध धंधे में जुटे रहते हैं। इस कारण एक तरफ जहां सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं नदियों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है।
निरसाः नाव से निकालते हैं बालू, ट्रैक्टर व हाइवा-ट्रक से सप्लाई
निरसा थाना क्षेत्र में बराकर नदी के सिजुआ, पोलकेरा और बरबिंदिया घाटों से अवैध बालू का उठाव और परिवहन होता है। अभी चूंकि नदी में पानी अधिक है, इसलिए नाव से बालू निकाला जाता है। इसके बाद ट्रैक्टर से तस्करी की जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात होते ही ट्रक और हाइवा भी तस्करी में लगा दिए जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि शाम ढलते ही बेनागोड़िया, पगलामोड़ और गुंडुबा मोड़ के रास्ते बालू लदे वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। तस्करों के गुर्गे इन वाहनों के आगे-पीछे निगरानी करते चलते हैं, ताकि रास्ते में किसी तरह की बाधा न आए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह-शाम बालू लदे वाहनों की आवाजाही से स्कूली बच्चों व दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल है। वहीं लगातार अवैध खनन से नदी से सटे इलाकों में कटाव का खतरा बढ़ जाता है।
मैथनः लाइसेंस की आड़ में रोज 500 ट्रैक्टर बालू का खेल
बंगाल-झारखंड सीमा पर बराकर और दामोदर नदी में बालू के अवैध कारोबार का बड़ा खेल चल रहा है। मैथन थाना क्षेत्र के मांझी पाड़ा घाट से प्रतिदिन 400 से 500 ट्रैक्टर बालू उठाव की जा रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह चार बजे से शाम सात बजे तक ट्रैक्टरों के जरिए बालू ढुलाई जारी रहती है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस कारोबार में कुछ स्थानीय लोग ही शामिल हैं। उधर, घाट पर बालू उठाव को लेकर पुलिस लाइसेंस का हवाला दे रही है, लेकिन लाइसेंस की वैधता और उसके आधार पर व्यावसायिक खनन की अनुमति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिना वैध लीज, खनन अनुमति और परिवहन चालान के बालू उठाव से सरकारी राजस्व को नुकसान और नदी के अस्तित्व पर खतरा है। स्थानीय लोगों ने अवैध बालू खनन व परिवहन पर रोक नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई।
टुंडीः 100 सीएफटी बालू पर 600 रुपये वसूली का आरोप
टुंडी में बराकर नदी के घाटों से बालू का अवैध उठाव जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि नदी से लगातार बालू की खुदाई के कारण लाहरबाड़ी और बांदोबेड़ा पुलों पर खतरा मंडराने लगा है। पांडेडीह, बेजराबाद, सिंदवारीटांड़ समेत विभिन्न घाटों से दिन में नावों से बालू निकाला जाता है।
शाम ढलते ही ट्रैक्टर, 407 और ट्रकों से ढुलाई शुरू होती है। ग्रामीणों के अनुसार, तड़के तीन से पांच बजे तक टुंडी थाना, ओझाडीह, कटनियां और बरवाअड्डा के रास्ते बालू धनबाद पहुंचाया जाता है।
आरोप है कि प्रति 100 सीएफटी बालू पर 600 रुपये की अवैध वसूली होती है। ग्रामीणों का कहना है कि टुंडी में करीब एक हजार पीएम आवास व अबुआ आवास अधूरे हैं, लेकिन हमें बालू नहीं मिल पाता।
स्थानीय कारोबारी से मांगने पर पुलिस की धमकी मिलती है, इस कारण लोग शिकायत करने से भी डरते हैं। लोगों का कहना है जिला खनन पदाधिकारी की मिलीभगत के बगैर अवैध खनन संभव ही नहीं है।
चिरकुंडाः नगर अध्यक्ष ने कहा- राजस्व का नुकसान, कार्रवाई हो
सरकार के बालू उठाव और बिक्री के नियमों की चिरकुंडा में धज्जियां उड़ रही हैं। बराकर नदी स्थित डुमरकुंडा ग्रामीण बालू घाट से चालान के जरिए बालू की खरीद-बिक्री होनी है। लेकिन चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के शहरी कापासारा बालू घाट से धड़ल्ले से ट्रैक्टरों से बालू उठाया जा रहा है। इससे चिरकुंडा नगर परिषद को राजस्व का नुकसान होता है।
मामले पर नप अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि डुमरकुंडा ग्रामीण बालू घाट के नाम पर कापासारा शहरी घाट से बालू उठाव करना गलत है। उन्होंने उपायुक्त को पत्र लिखकर शहरी क्षेत्र के कापासारा बालू घाट से नियमानुसार उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
साथ ही बालू घाट का सीमांकन कराने का भी आग्रह किया है। अध्यक्ष ने कहा कि यदि नियमों के अनुरूप चालान व्यवस्था लागू नहीं की गई तो राजस्व की क्षति होती रहेगी।

चिरकुंडा, मैथन व निरसा में दामोदर व बराकर नदी से अगर अवैध बालू का उठाव हो रहा है तो इसकी जांच कराएंगे। जल्द ही जांच के लिए टीम भेजेंगे। संबंधित थाना की पुलिस को भी कार्रवाई के निर्देश देंगे। डीएमओ की भी जवाबदेही तय करेंगे।
-आदित्य रंजन, उपायुक्त, धनबाद
(जागरण के लिए इनपुट- टुंडी से दिनेश महथा, निरसा से संजय सिंह और चिरकुंडा से भगवान मालवीय)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।