Under 19 World Cup 2024: वर्ल्ड कप में धमाल मचाएंगी धनबाद की अनंदिता, सेलेक्शन होने पर दिया भावुक करने वाला रिएक्शन
मलेशिया में 18 जनवरी 2025 से आइसीसी अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप 2025 शुरू हो रहा है इसके लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा हो चुकी है। धनबाद की अनंदिता किशोर को टीम में जगह मिली है। निक्की प्रसाद की कप्तानी में अनंदिता अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलेंगी। यह उनके लिए एक बड़ा अवसर है और वे देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेंगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। मलेशिया में 18 जनवरी 2025 से शुरू हो रहे आइसीसी अंडर-19 टी-20 वर्ल्ड कप 2025 के लिए मंगलवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई। इसमें धनबाद की अनंदिता किशोर को भी जगह मिली है। अनंदिता को अंडर-15 में शामिल किया गया है। निक्की प्रसाद की कप्तानी में अनंदिता अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलती नजर आएंगी।
यह टूर्नामेंट 18 जनवरी 2025 से दो फरवरी 2025 तक मलेशिया में खेला जाएगा। टीम में निकी प्रसाद (कप्तान), सानिका चालके (उप-कप्तान), जी त्रिशा, कमलिनी जी (विकेटकीपर), भाविका आहिरे (विकेटकीपर), ईश्वरी अवस्थे, मिथिला विनोद, जोशिता वी जे, सोनम यादव, पारुणिका सिसोदिया, केसरी दृति, आयुषी शुक्ला, आनंदिता किशोर, एमडी शबनम, वैष्णवी एस को शामिल किया गया है।
स्टैंडबाय में ये खिलाड़ी
- स्टैंडबाय खिलाड़ी में नंधना एस, इरा जे, अनादी टी हैं। टूर्नामेंट में चार ग्रुप होंगे। प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी। मौजूदा चैंपियन भारत अंडर-19 टीम को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में मेजबान मलेशिया अंडर-19, वेस्टइंडीज अंडर-19 और श्रीलंका अंडर-19 टीमें शामिल हैं।
- कुआलालंपुर के बायुएमास ओवल स्टेडियम में भारत अंडर-19 टीम के ग्रुप स्टेज के मैच खेले जाएंगे। भारत अंडर-19 अपनी शुरुआत 19 जनवरी 2025 को वेस्टइंडीज अंडर-19 के खिलाफ करेगा। 21 जनवरी को मलेशिया अंडर-19 और 23 जनवरी को श्रीलंका अंडर-19 से मैच होगा।
सेमीफाइनल 31 जनवरी व फाइनल दो फरवरी को
ग्रुप स्टेज मैचों के समापन के बाद प्रत्येक ग्रुप से तीन टीमें सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करने वाली 12 टीमों को दो ग्रुप में विभाजित किया जाएगा। ग्रुप-एक में ग्रुप ए और ग्रुप डी से शीर्ष तीन टीमें शामिल होंगी। ग्रुप-दो में ग्रुप बी और ग्रुप सी से शीर्ष तीन टीमें होंगी।
सुपर सिक्स चरण में प्रत्येक टीम अपनी जीत, अंक और नेट रन रेट (एनआरआर) को अपने साथ लेकर आगे बढ़ेगी, जो उन्होंने सुपर सिक्स के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों के खिलाफ अर्जित किया है। सुपर सिक्स चरण में हर टीम अपने ग्रुप के अन्य स्थानों पर समाप्त हुई टीमों के खिलाफ दो मैच खेलेगी।
सुपर सिक्स चरण के दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल 31 जनवरी 2025 को खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल दो फरवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा।
धनबाद क्रिकेट संघ के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
अनंदिता के चयन से धनबाद क्रिकेट संघ के नाम बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेनेवाली अनंदिता धनबाद की पहली महिला खिलाड़ी बन जाएंगी। अनंदिता की सफलता पर धनबाद क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य बिनय कुमार सिंह, डीसीए के महासचिव उत्तम विश्वास ने अनंदिता को बधाई दी। रेलवे के कांट्रेक्टर मनीष सिंह की बेटी अनंदिता का चयन पिछले दिनों बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया गया था।
चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया सी का प्रतिनिधित्व करते हुए अनंदिता ने बढ़िया प्रदर्शन किया था। एक मैच में वह प्लेयर आफ द मैच भी चुनी गई थी। इसी आधार पर सेंटर आफ एक्सीलेंस में अनंदिता का चयन किया गया। अनंदिता झारखंड अंडर-19 टीम की कप्तान भी हैं।
भारतीय टीम में खेलना हर खिलाड़़ी का सपना होता है। खुशी बयां नहीं कर सकती। परिवार का हर सदस्य खुश है। टूर्नामेंट में बढ़िया प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करना है। यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ी।- अनंदिता किशोर, सदस्य अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम
यह भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।