Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राशन कार्ड में 144 साल की हुई 41 साल की महिला, बोकारो में कर्मचारियों का अजब-गजब खेल हुआ उजागर

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 11:45 PM (IST)

    बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में सरकारी सिस्टम की लापरवाही से विपति देवी नामक एक 41 वर्षीय महिला राशन कार्ड में 144 साल की दर्शाई गई हैं। इस गलती के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के मुताबिक दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला 117 साल की हैं।

    Hero Image
    राशन कार्ड में गड़बड़ी का खुलासा। सांकेतिक तस्वीर

    विकास गोस्वामी, कसमार (बोकारो)। सरकारी सिस्टम की लापरवाही से बोकारो की विपति देवी दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला बन गई है। मूल रूप से वह 41 साल की है, लेकिन राशन कार्ड की मानें तो उसकी उम्र 144 साल है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह अजब-गजब खेल कसमार प्रखंड के मोचरो निवासी सहदेव मांझी की पत्नी विपति देवी के साथ हुआ है। दरअसल, कसमार की पोंडा पंचायत में साल 2011 में बने राशन कार्ड में विपति देवी की उम्र 130 साल (अब 144) अंकित है।

    हकीकत में वह 41 साल की है, जिसका प्रमाण उसका आधार कार्ड है। बता दें कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के मुताबिक संसार की सबसे उम्रदराज महिला स्पेन की मारिया ब्रन्यास मोरेरा है, जिनकी उम्र 117 साल है।

    राशन कार्ड की इस गड़बड़ी के कारण विपति देवी को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उसे न तो राशन मिलता है, न ही उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर और चूल्हा।

    यही नहीं, प्रदेश में चल रही मंइयां सम्मान योजना से भी वह वंचित है। विपति देवी ने बताया कि मंइयां सम्मान योजना के तहत दो बार उसके खाते में एक-एक हजार रुपये आए, लेकिन राशन कार्ड व आधार कार्ड की मैपिंग होने के बाद नाम कट गया।

    विपति देवी ने बताया कि पति दिहाड़ी मजदूर है। वह खुद भी दिहाड़ी पर काम कर घर चलाती है। दो बेटियां और एक बेटा है। तंगी के कारण बच्चों को पढ़ाना मुश्किल है। वह कहती है कि राशन कार्ड की गलती सुधर जाए तो योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा।

    विपति ने यह भी बताया कि उनकी सास के नाम पर अंत्योदय कार्ड था, जिसमें उनकी एक बेटी का नाम दर्ज है। लेकिन, सास की मृत्यु के बाद डीलर ने वह राशन कार्ड बंद कर दिया। ऐसे में बेटी को भी राशन नहीं मिल रहा।

    राशन कार्ड की गलती सुधारने के लिए वह कई दफ्तरों व जनप्रतिनिधियों की चौखट तक गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया। अब उन्होंने जिले के उपायुक्त से गुहार लगाई है।

    इधर, सीओ सह प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी, कसमार नगेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार अगर किसी कारणवश राशनकार्ड में लाभुक का उम्र अधिक दर्ज हो गया है तो उसे तत्काल सुधारा जाएगा। लाभुक सिर्फ आवेदन दे दे। किसी भी हाल में योग्य व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

    यह भी पढ़ें- साइलो में 120 फीट की ऊंचाई पर फंसे कर्मी का 10 घंटे बाद रेस्क्यू, सारे तंत्र फेल हुए तो साथी ने दिखाई हिम्मत