पहलगाम हमले के बाद डगमगाए वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के कदम, इस साल दस लाख कम हो गई भक्तों की संख्या
इस वर्ष जुलाई तक मां वैष्णो देवी के दरबार में 48.86 लाख श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा में कमी के मुख्य कारण प्रयागराज महाकुंभ पहलगाम में आतंकी हमला और भारत-पाक युद्ध रहे। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 10 लाख से अधिक श्रद्धालु कम आए। प्रतिकूल परिस्थितियों और मौसम के बदलाव के कारण भी यात्रा प्रभावित हुई है।

राकेश शर्मा, कटड़ा। जारी वर्ष के जुलाई माह तक मां वैष्णो देवी के दरबार में 48.86 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। इस वर्ष की शुरुआत में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ, अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और मई में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध ने मां वैष्णो देवी की यात्रा को बड़ा झटका दिया है।
परिणामस्वरूप पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जुलाई तक श्रद्धालुओं की संख्या में काफी कमी आई है। इस वर्ष जुलाई तक 48,86,680 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की।
जबकि पिछले वर्ष 2024 में इसी अवधि के दौरान 59,12,372 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के भवन पहुंचे थे। इस प्रकार, 2024 की तुलना में इस वर्ष जुलाई तक 10,25,692 कम श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे हैं।
जुलाई 2025 में 6,77,652 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे, जबकि 2024 के जुलाई में यह संख्या 7,65,726 थी। हालांकि मई में भारत- पाक के बीच संक्षिप्त युद्ध खत्म होने के स्थिति सामान्य होने लगी, लेकिन मां वैष्णो देवी की यात्रा में हर माह कमी दर्ज की गई।
ऊपर से समय से पहले शुरू हुए बरसात के मौसम का भी यात्रा पर प्रभाव पड़ा है। वर्तमान में प्रतिदिन 18 से 23 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं।
5,69,164 श्रद्धालुओं ने लगाई थी हाजिरी
इस वर्ष जनवरी में 5,69,164 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी, जबकि 2024 में यह संख्या 6,16,609 थी। फरवरी 2025 में 3,78,865 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 4,32,925 था। मार्च 2025 में 9,40,143 श्रद्धालुओं दर्शन को पहुंचे थे, जबकि मार्च 2024 में यह संख्या 8,61,517 थी।
इसी प्रकार अप्रैल 2024 में 9,55,575 श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं 2025 में यह संख्या 9,81,228 रही। मई 2025 में 4,13,365 श्रद्धालुओं भवन पहुंचे।
2024 में यह आंकड़ा 11,66,301 था। जून 2025 में 9,26,263 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। गत वर्ष यह संख्या 11,15,719 थी। जुलाई 2025 तक कुल 48,86,680 श्रद्धालुओं मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे।
जबकि 2024 में यह संख्या 59,12,372 थी। इसी प्रकार 2024 की तुलना में 2025 के पहले सात महीनों में 10,25,692 श्रद्धालु कम संख्या में मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।