विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

J&K: शेषनाग में सड़क निर्माण पर भड़कीं महबूबा, उमर सरकार से फैसला वापस लेने की मांग; तारिगामी ने भी उठाए सवाल

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Wed, 25 Nov 2026 01:11 PM (IST)

श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के पास सड़क निर्माण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। महबूबा मुफ्ती ने उमर सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे तत्काल वापस लेने और पर्यावरणीय आकलन सार्वजनिक करने की मांग की है।

महबूबा मुफ्ती ने सीएम उमर सरकार से मांगा BRO के MOU का ब्योरा। (फाइल फोटो)

महबूबा मुफ्ती ने सीएम उमर सरकार से मांगा BRO के MOU का ब्योरा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. महबूबा मुफ्ती ने शेषनाग सड़क निर्माण पर उमर सरकार को घेरा।

  2. पर्यावरणीय प्रभावों पर सवाल उठाते हुए फैसला वापस लेने की मांग।

  3. भाजपा ने निर्माण का बचाव किया, इसे राजनीतिक विवाद बताया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा के यात्रा मार्ग पर स्थित शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की सफाई के बावजूद मामला शांत होने के बजाय राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार को घेरते हुए निर्माण कार्यों को मंजूरी देने का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की।

उन्होंने सवाल उठाया कि विकास के नाम पर हिमालय के नाजुक पारिस्थितिक तंत्र को दांव पर क्यों लगाया जा रहा है? साथ ही मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पर्यावरणीय आकलन और निर्माण संबंधी मंजूरियों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।

महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में 23 जनवरी 2026 को हुई मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए उस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसके तहत बीआरओ के प्रोजेक्ट बीकन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) की अवधि बढ़ाकर शेषनाग तक सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों को मंजूरी दी गई थी।

Screenshot 2026-11-25 125725

निर्माण कार्यों को मिली मंजूरी पर सरकार से मांगा जवाब

इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में महबूबा ने सवाल किया कि क्या सरकार ने इस संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण कार्यों की अनुमति देने से पहले पर्यावरणीय प्रभावों का समुचित आकलन कराया है?

क्या मुख्यमंत्री को इस बात का एहसास है कि भारी मशीनरी के इस्तेमाल और पहाड़ों की खुदाई से ग्लेशियर, शेषनाग झील और आसपास के प्राकृतिक जलस्रोतों को कितना नुकसान पहुंच सकता है?

उन्होंने मुख्यमंत्री और पर्यटन विभाग से एमओयू की शर्तों तथा निर्माण कार्यों को दी गई मंजूरी पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए फैसले पर पुनर्विचार और उसे वापस लेने का आग्रह किया।

शेषनाग झील का जायजा लेने जा रही महबूबा को चंदनवाड़ी में रोका

गौरतलब है कि मंगलवार को महबूबा मुफ्ती पीडीपी विधायक वहीद पारा और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ शेषनाग झील का जायजा लेने रवाना हुई थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें चंदनवाड़ी में ही रोक दिया।

इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने चेतावनी दी थी कि शेषनाग के नाजुक ग्लेशियर पारिस्थितिकी तंत्र में निर्माण गतिविधियों की अनदेखी भविष्य में मानव निर्मित आपदा का कारण बन सकती है।

उनका कहना था कि अमरनाथ गुफा, यात्रा मार्ग और आसपास के पहाड़ों को एक समग्र पारिस्थितिक क्षेत्र मानते हुए इनके संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस मुद्दे पर माकपा नेता एमवाई तारिगामी ने भी शेषनाग क्षेत्र का स्वतंत्र विशेषज्ञों की टीम से वैज्ञानिक आकलन कराने और निर्माण कार्यों से संबंधित पर्यावरणीय मंजूरियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

पर्यावरण कार्यकर्ता जरकुआ बांडे ने शुरू की याचिका

वहीं, शेषनाग और कश्मीर की अन्य संवेदनशील अल्पाइन झीलों के आसपास निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर 'स्टाप कंस्ट्रक्शन अराउंड कश्मीर्स अल्पाइन लेक्स' शीर्षक से ऑनलाइन याचिका और अभियान शुरू किया गया है।

पर्यावरण कार्यकर्ता जरकुआ बांडे की ओर से शुरू इस अभियान को समर्थन मिल रहा है। कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने भी याचिका पर हस्ताक्षर कर इसका समर्थन किया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए सरकार से कश्मीर के नाजुक पर्यावरण की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

मुगल रोड निर्माण के दौरान पीडीपी ने आवाज क्यों नहीं उठाई?

दूसरी ओर, भाजपा ने इस मुद्दे पर पीडीपी और अन्य विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि पर्यावरण संरक्षण के नाम पर राजनीतिक विवाद खड़ा किया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने सवाल किया कि जब मुगल रोड के निर्माण के दौरान हजारों पेड़ काटे गए और पहाड़ों की कटाई हुई, तब पीडीपी को पर्यावरण संरक्षण की याद क्यों नहीं आई?

उन्होंने कहा कि अब अमरनाथ यात्रा से जुड़े मार्ग को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण किया जा रहा है और बीआरओ के अनुसार कार्य पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखकर हो रहे हैं, तो इसका विरोध क्यों किया जा रहा है?

जम्मू-कश्मीर की 315 झीलें पहले ही गायब, अब शेषनाग के पास निर्माण को लेकर बवाल; मीरवाइज ने CM की चुप्पी पर उठाए सवाल

J&K: शेषनाग झील के पास निर्माण रोकने की मांग तेज, ऑनलाइन याचिका को मिला भारी समर्थन; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

'मुगल रोड पर विरोध क्यों नहीं?' शेषनाग झील खुदाई विवाद पर भड़की भाजपा, PDP पर लगाया दोहरे मापदंड का आरोप


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।