जम्मू-कश्मीर की 315 झीलें पहले ही गायब, अब शेषनाग के पास निर्माण को लेकर बवाल; मीरवाइज ने CM की चुप्पी पर उठाए सवाल
Sheshnag Lake News: शेषनाग झील के पास कथित निर्माण और खुदाई को लेकर जम्मू-कश्मीर में सियासत गरमा गई है। मीरवाइज उमर फारूक ने ऑनलाइन याचिका शुरू कर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।

शेषनाग झील के संरक्षण पर सियासत तेज। (फाइल फोटो)
HighLights
शेषनाग झील के पास निर्माण पर सियासत तेज हुई।
मीरवाइज ने ऑनलाइन याचिका शुरू कर विरोध जताया।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुप्पी पर सवाल उठे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। शेषनाग झील के आसपास कथित निर्माण और भारी मशीनों से हो रही खुदाई को लेकर जम्मू-कश्मीर में सियासत गरमा गई है। कश्मीर के प्रमुख इस्लामिक धर्मगुरु मीरवाइज मौलवी उमर फारूक ने कश्मीर की अल्पाइन झीलों, प्राकृतिक विरासत और नाजुक पारिस्थितिकी को बचाने के लिए आनलाइन अभियान शुरू किया। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुप्पी पर तीखा सवाल उठाते हुए पूछा कि प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका के बावजूद सरकार आखिर खामोश क्यों है?
मीरवाइज मौलवी उमर फारूक ने मंगलवार को शेषनाग झील का नाम लिए बिना कहा कि हमें अपने पारिस्थितिकी तंत्र के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में हो रही इस अंधाधुंध तबाही को रोकने के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठानी होगी।
उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला खामोश क्यों हैं? जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि होने के नाते यह उनका कर्तव्य है कि वे इस मुद्दे पर बोलें और इस लूट को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
उमर की चुप्पी पर मीरवाइज ने उठाए सवाल
मीरवाइज ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'कश्मीर के सबसे संवेदनशील प्राकृतिक स्थलों पर हो रही कथित तबाही को रोकने के लिए अब सामूहिक आवाज उठाना जरूरी है।'
उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला खामोश क्यों हैं? जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि होने के नाते यह उनका कर्तव्य है कि वे बोलें और इस लूट को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

उन्होंने अल्पाइन झीलों के आसपास निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग वाली चेंज डाट ओआरजी पर शुरू की गई आनलाइन याचिका पर स्वयं हस्ताक्षर किए और पर्यावरण संरक्षण के लिए चिंतित लोगों से भी अभियान में शामिल होने की अपील की। इस पहल का उद्देश्य सरकार और संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनाकर कश्मीर की संवेदनशील झीलों के संरक्षण को प्राथमिकता दिलाना है।
शेषनाग झील के पास खुदाई के विरोध में ट्रैकरों का प्रदर्शन
उधर, शेषनाग झील के निकट कथित खुदाई के विरोध में मंगलवार को श्रीनगर के सोनवार-गुपकार इलाके में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ट्रैकरों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हिमालय के संवेदनशील ग्लेशियर क्षेत्र में भारी मशीनों के इस्तेमाल और निर्माण गतिविधियों से पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान पर गहरी चिंता जताई।
जम्मू-कश्मीर क्लाइमेट एक्शन ग्रुप ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए स्वतंत्र वैज्ञानिक जांच पूरी होने तक संभावित रूप से नुकसानदेह खुदाई कार्य रोकने की मांग की है।
महबूबा मुफ्ती को पुलिस ने रोका
गौरतलब है कि हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के निकट बुलडोजर और एक्सकेवेटर जैसी भारी मशीनों से खुदाई होती दिखाई दी थी। मीरवाइज ने सोमवार को भी इस पर चिंता जताई थी। पीडीपी ने भी निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई। मंगलवार को पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शेषनाग झील जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
जम्मू-कश्मीर की 315 प्राकृतिक झीलें हो चुकी हैं गायब
यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि कश्मीर की झीलों पर मंडराता खतरा किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है। कैग की झील संरक्षण संबंधी ऑडिट रिपोर्ट ने भी जम्मू-कश्मीर में झीलों की स्थिति और संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे।
सरकारी आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि 1967 के बाद जम्मू-कश्मीर की 697 प्राकृतिक झीलों में से 315 गायब हो चुकी हैं, जबकि 203 के क्षेत्रफल में कमी आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।