विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मुगल रोड पर विरोध क्यों नहीं?' शेषनाग झील खुदाई विवाद पर भड़की भाजपा, PDP पर लगाया दोहरे मापदंड का आरोप

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:05 PM (GMT+05:30)

Sheshnag Lake excavation: अमरनाथ यात्रा मार्ग चौड़ीकरण पर शेषनाग झील के पास खुदाई को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा ने पीडीपी समेत आलोचकों पर पर्यावरण के नाम पर राजनीति करने और विकास बाधित करने का आरोप लगाया है।

अमरनाथ यात्रा मार्ग विवाद पर भाजपा का पलटवार। (फाइल फोटो)

अमरनाथ यात्रा मार्ग विवाद पर भाजपा का पलटवार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शेषनाग झील खुदाई पर अमरनाथ यात्रा मार्ग विवाद गहराया।

  2. भाजपा ने विरोधियों पर पर्यावरण के नाम पर राजनीति का आरोप लगाया।

  3. श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु मार्ग चौड़ीकरण को आवश्यक बताया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। अनंतनाग जिले में उच्च हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील शेषनाग झील के निकट खुदाई मशीन के इस्तेमाल का वीडियो सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। अमरनाथ यात्रा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर उठे विवाद पर प्रदेश भाजपा ने पीडीपी समेत विभिन्न आलोचकों पर दोहरे मापदंड अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व एमएलसी गिरधारी लाल रैना ने कहा कि पार्टी यात्रा को सांप्रदायिक रंग देने, विकास कार्यों को बाधित करने और घाटी की शांति भंग करने की कोशिशों का विरोध करेगी।

बता दें कि इस मामले में विभिन्न राजनीतिक दलों, धार्मिक नेताओं और पर्यावरणविदों ने आपत्ति जताते हुए काम रोकने की मांग की है। हालांकि, सीमा सड़क संगठन (BRO) ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के बाद किए जा रहे कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्थिरीकरण से भीड़ कम करने की तैयारी

रैना ने कहा कि चंदनवाड़ी-अमरनाथ मार्ग के संवेदनशील हिस्सों का चौड़ीकरण और स्थिरीकरण श्रद्धालुओं की सुरक्षा बढ़ाने तथा भीड़ कम करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व अमरनाथ भूमि विवाद को फिर से हवा देकर धार्मिक भावनाओं का लाभ उठाना चाहते हैं।

पेड़ों की कटाई और वन्यजीवों के नुकसान पर चुप्पी क्यों?

उन्होंने मुगल रोड का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि हीरपोरा वन्यजीव अभयारण्य में मार्कहोर के प्राकृतिक आवास प्रभावित होने और बिजली परियोजनाओं के लिए पेड़ों की कटाई जैसे मामलों पर समान विरोध क्यों नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि मारखोर की आबादी 2004 में 45-55 से घटकर 2022-23 में महज तीन रह गई।

राजनीतिक बयानबाजी के बजाय विशेषज्ञों की राय को मिले महत्व

रैना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के नियम सभी विकास परियोजनाओं पर समान रूप से लागू होने चाहिए। अमरनाथ यात्रा एक पवित्र राष्ट्रीय तीर्थयात्रा है और इसके मार्ग को सुरक्षित बनाना कश्मीर की पारिस्थितिकी या पहचान पर हमला नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संबंधी फैसले राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय वैज्ञानिक तथ्यों, विशेषज्ञों की राय और कानून के आधार पर होने चाहिए।

image-fotor-20261124145846

शेषनाग झील तक नहीं पहुंच पाईं महबूबा, पुलिस ने रोका

इससे पहले शेषनाग झील के आसपास चल रहे निर्माण कार्य और भारी मशीनों के इस्तेमाल को लेकर उठे विवाद के बीच पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को मंगलवार को चंदनवाड़ी में रोक दिया गया। वह दक्षिण कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में स्थित शेषनाग झील की ओर जाकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने जा रही थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर...

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।