J&K: शेषनाग झील के पास निर्माण रोकने की मांग तेज, ऑनलाइन याचिका को मिला भारी समर्थन; कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
Sheshnag Lake Construction: शेषनाग झील के पास निर्माण गतिविधियों को रोकने की मांग तेज हो गई है, जिसके समर्थन में एक ऑनलाइन याचिका पर 1,600 हस्ताक्षर हुए हैं।

शेषनाग झील के पास काम रोकने की मांग तेज। (फाइल फोटो)
HighLights
शेषनाग झील के पास निर्माण रोकने की मांग तेज हुई।
ऑनलाइन याचिका को अब तक 1,600 से अधिक हस्ताक्षर मिले।
पर्यावरणविदों ने टिकाऊ पर्यटन समाधान अपनाने का सुझाव दिया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील शेषनाग झील के निकट निर्माण गतिविधियों को रोकने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में चेंज डाट ओआरजी पर शुरू की गई आनलाइन याचिका को अब तक करीब 1,600 लोगों का समर्थन मिल चुका है।
‘स्टाप कंस्ट्रक्शन अराउंड कश्मीर्स एल्पाइन लेक्स’ शीर्षक से जरकुआ बांडे द्वारा शुरू की गई इस याचिका में सरकार से निर्माण कार्य रोकने और स्थानीय पर्यावरणविदों व समुदायों के साथ विचार-विमर्श कर टिकाऊ समाधान तलाशने की अपील की गई है।
सड़क निर्माण से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका
याचिका में कहा गया है कि विकास और बेहतर संपर्क के नाम पर कश्मीर की अछूती प्राकृतिक धरोहरों के बीच सड़कें बनाने की योजना पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इससे प्रदूषण, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का विनाश और पर्यटन का अनियंत्रित दबाव बढ़ सकता है।
याचिकाकर्ता ने सड़क निर्माण के बजाय नियंत्रित पर्यटन, सीमित प्रवेश परमिट, गाइडेड ट्रेकिंग और पर्यावरण अनुकूल आवास जैसी व्यवस्थाएं अपनाने का सुझाव दिया है।
स्विट्जरलैंड के आल्प्स क्षेत्र का उदाहरण दिया
स्विट्जरलैंड के आल्प्स क्षेत्र का उदाहरण भी दिया गया है। इस बीच कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद करा ने भी शेषनाग के पास जेसीबी मशीन लगाने पर सवाल उठाते हुए सरकार से निर्माण का उद्देश्य और विभिन्न विभागों से मिली अनुमतियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।