Photos: श्रीनगर का 'लाल चौक' हुआ सफेद, स्नोफॉल में स्विट्जरलैंड से कम नहीं कश्मीर; पर्यटकों की हो गई मौज
श्रीनगर की खूबसूरती देखकर आप यकीन नहीं कर पाएंगे कि यह स्विट्जरलैंड है या कश्मीर। बर्फबारी ने श्रीनगर को एक सफेद चादर से ढक दिया है। पर्यटक बर्फबारी का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। लाल चौक पर बर्फबारी का नज़ारा देखते ही बनता है। गुलमर्ग में स्कीइंग का मज़ा ले सकते हैं। पहलगाम में अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर भी बर्फ से ढका हुआ है।

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है। अभी तक पहाड़ों पर ही हिमपात हो रहा था। लेकिन अब निचले क्षेत्रों में भी जमकर बर्फ पड़ रही है। न्यू ईयर को देखते हुए इस दौरान घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं। भले ही तापमान माइनस तक पहुंच चुका है। लेकिन पर्यटकों का हौसला बुलंद है और बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
शुक्रवार को लाल चौक पर स्नोफॉल का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। पर्यटक इस पल को कैमरे में कैद करना नहीं भूले। बर्फबारी से सफेद चादर में ढकी घाटी की तस्वीरें भी खूबसूरत नजर आ रही हैं।
फोटो कैप्शन: लाल चौक पर स्नोफॉल का लुत्फ उठाते पर्यटक
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में, जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और चिनाब घाटी और पीर पंजाल रेंज के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी संभव है। कश्मीर में तीव्र शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। वो इसलिए क्योंकि शुष्क मौसम के कारण न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे बना हुआ है।
फोटो कैप्शन: बर्फबारी के बीच घूमते पर्यटक
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के समान ही था।
फोटो कैप्शन: लाल चौक पर बर्फबारी का शानदार दृश्य
दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से थोड़ा अधिक है।
फोटो कैप्शन: बर्फबारी के आनंद लेते हुए महिला पर्यटक
कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का एक छोटा सा गांव कोनीबल शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।
फोटो कैप्शन: बर्फबारी के बीच चलते राहगीर
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 29-31 दिसंबर तक मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है।
फोटो कैप्शन: सड़कों पर हिमपात और वाहनों पर जमी बर्फ
1 जनवरी से लेकर 5 जनवरी तक कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी संभव है। मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार तक तापमान में कुछ सुधार होने की संभावना है। कश्मीर वर्तमान में 'चिल्लई-कलां' की चपेट में है।
फोटो कैप्शन: टूरिस्ट बस पर जमी बर्फ व हिमपात के बीच गुजरते लोग
चिल्लई-कलां में सर्दियों का सबसे कठोर समय माना जाता है। यह 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। चिल्लई-कलां के 40 दिनों के दौरान, बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक और अधिकतम होती है और तापमान काफी कम हो जाता है। यह अगले साल 30 जनवरी को समाप्त होगा।
फोटो कैप्शन: ट्रक पर जमी बर्फ
40 दिनों के बाद 20 दिन का 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिन का 'चिल्लई-बच्चा' (बच्चे जैसी ठंड) होती है। इसके बाद मौसम गर्म दिनों की ओर बढ़ना शुरू कर देता है।
फोटोज आभार: जम्मू-कश्मीर से दैनिक जागरण पत्रकार 'साहिल मीर'
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।