खौफ के साये से बाहर आया पहलगाम, लौटा पर्यटकों का भरोसा; एक करोड़ 70 लाख लोगों ने विजिट किया कश्मीर
अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के एक साल बाद कश्मीर ने पर्यटन और निवेश में उल्लेखनीय वापसी की है। ...और पढ़ें

पहलगाम में फिर लौटी रौनक (जागरण ग्राफिक्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नवीन नवाज, श्रीनगर। अप्रैल 2025, वह दिन जब आतंकियों ने बैसरन पहलगाम में 25 पर्यटकों समेत 26 लोगों की हत्या कर दी। इस घटना से पूरा कश्मीर हिल गया। पर्यटकों ने कश्मीर से मुंह मोढ़ना शुरू कर दिया, जम्मू कश्मीर में जोर पकड़ रही निजी पूंजी निवेश की गति भी मंद पड़ गई।
होटल और रेस्तरां बंद होने के कगार पर पहुंच गए। लेकिन आज एक वर्ष बाद कश्मीर में फिर से जीवंत नजर आने लगा है। सिर्फ डल किनारे ही नहीं पहलगाम भी पर्यटकों की हंसी से गूंज रहा है। निजी पूंजी निवेश के साथ स्टार्ट-अप गति पकड़ चुके हैं, जो एक नए विश्वास के साथ आगे बढ़ने की कश्मीर के दृढ़संकल्प की गाथा सुना रहे हैं।
48 पर्यटनस्थलों को किया था बंद
पहलगाम हमले के बाद कश्मीर पर्यटकों से खाली हो गया। जम्मू कश्मीर प्रदेश सरकार ने भी 48 पर्यटनस्थलों को सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किए जाने तक बंद कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर शुरू हो गया, सीमांत इलाकों में युद्ध की स्थिति पैदा हो गई, भारत-पाकिस्तान के बीच गोलाबारी शुरू हो गई।
इससे कारोबारी गतिविधियां भी प्रभावित हो गई। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों में जंगबंदी होते ही जम्मू कश्मीर ने फिर से खुद को अपने पैरों पर खड़ा करने का प्रयास किया और उसमें वह कामयाब रहा।
कश्मीरियों के विश्वास को किया जाग्रत
प्रदेश सरकार के साथ साथ पर्यटन जगत से जुढ़े स्थानीय लोगों ने देश-विदेश में अपने अपने स्तर पर प्रयास कर,लोगों में कश्मीर और कश्मीरियों के प्रति विश्वास को पुन: जाग्रत किया। उन्हें समझाया कि उनकी कश्मीर से दूरी, पहलगाम हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों और उनके आकाओं के मनसूबों को पूरा करेगी। जुलाई के आते-आते पर्यटकों ने फिर से कश्मीर लौटना शुरू कर दिया और सरकार ने भी चरणबद्ध तरीके से पर्यटनस्थलों को खोलना शुरू कर दिया।
तमाम चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2025 में कश्मीर घाटी में 1.7 करोड़ से ज्यादा पर्यटक आए। हालांकि, वर्ष 2024 में कश्मीर की यात्रा करने वाले 2.36 करोड़ पर्यटकों की तुलना में यह संख्या कम है, लेकिन वर्ष 2021 में कश्मीर आए पर्यटकों के मुकाबले 1.1 करोड़ ज्यादा है। वर्ष 2021 में कश्मीर में 1.13 करोड़ पर्यटक आए थे जबकि वर्ष 2022 में 1.89 करोड़ और वर्ष 2023 में 2.12 करोड़ पर्यटकों ने कश्मीर की यात्रा की।
यह भी पढ़ें- बैसरन हमले के एक साल बाद, जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने वाले अब खुद आतंकित, हर ठिकाना बना कब्रिस्तान
अगर कोई यह कहे कि कश्मीर के युवा सिर्फ पर्यटन क्षेत्र या सरकारी नौकरी में या फिर बागवानी में ही अपने लिए रोजगार काे प्रमुखता दे रहे हैं तो वह गलत है। जम्मू कश्मीर देश में स्टार्टअप का एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी नयी पहचान बना रहे है,जहां महिलाएं भी स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपनी विशेष जगह बना रही हैं।
जम्मू-कश्मीर आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, “स्टार्टअप इकोसिस्टम 2020 में 69 स्टार्टअप से बढ़कर दिसंबर 2025 तक 1,255 स्टार्टअप हो गया, जिसमें 434 महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप शामिल हैं, जो कृषि-संबद्ध, आईटी, सेवाओं और विनिर्माण क्षेत्रों में फैले हैं।
स्टार्ट-अप संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने वर्ष 2024-27 के लिए स्टार्टअप अप नीति बनाई है जिसमें वेंचर कैपिटल फंड, ऋण गारंटी कार्यक्रम, सीड फंडिंग, पेटेंट संबंधी सहायता और मेंटरशिप के माध्यम से वित्तपोषण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
2025-26 में 5260 करोड़ का निवेश हुआ
सुरक्षा, शांति व सामान्य स्थिति की बहाली किसी भी जगह निवेश के लिए जरुरी है। हिंसा और अस्थिरता के वातावरण में कोई निवेशक निवेश नहीं करना चाहता,लेकिन जम्मू कश्मीर में बढ़ता निजी पूंजी निवेश सुरक्षा, विश्वास एवं शांति के वातावरण की बहाली की पुष्टि करता है।
जम्मू-कश्मीर को वित्त वर्ष 2025-26 के केवल नौ महीनों में 5,260 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ, जो कि पूरे 2021-22 वर्ष के 377 करोड़ रुपये के मुकाबले 14 गुना अधिक है। इसके अलावा, केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं के तहत प्रस्तावित निवेश की लंबी श्रृंखला भी है।वर्ष 2023 में 2153 करोड़ रपये का निवेश हआ था।
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, “नई केंद्रीय क्षेत्र योजना ने 14,292 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश को आकर्षित किया है, जिससे 50,000 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की उम्मीद है। कारोबार में आसानी ईँज आफ डूईंग बिजनेस में भी जम्मू कश्मीर में व्यापक सुधार हुआ है। वर्ष 2025 में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में जम्मू कश्मीर को पूरे देश में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
यह भी पढ़ें- बैसरन का वो खौफनाक दिन, पहलगाम हमले में उजड़ गया था 26 औरतों का सिंदूर; दर्द की दास्तां आज भी ताजा
पहलगाम हमले के बाद जनजीवन प्रभावित
पहलगाम हमले से जम्मू-कश्मीर में लगभग जीवन का हर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। सिर्फ पहलगाम हमला ही नहीं मौसम ने भी बीते वर्ष स्थानीय अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाई। इसके बावजूद, 2025-26 में आम लोगों की आय बढ़ी। प्रति व्यक्ति आय 2024-25 में 1.55 लाख रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1.68 लाख रुपये हो गई। जहां वित्त वर्ष 2025 में जम्मू-कश्मीर की प्रति व्यक्ति आय भारत की प्रति व्यक्ति आय का 75.7 प्रतिशत थी, वहीं यह वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 76.5 प्रतिशत हो गई।
जम्मू कश्मीर के वरिष्ठ साहित्यकार हसरत गड्डा ने कहा कि कश्मीर हमेशा एक नयी उम्मीद जगाता आया है। द्विराष्ट्रीय सिद्धांत जो पूरी तरह सांप्रदायिक है, को कश्मीर ने ठेंगा दिखाया। भारत-पाक विभाजन के समय जब पूरे मुल्क में मजहब के नाम पर कत्ल हो रहे थे कश्मीर शांत था।
महात्मा गांधी ने कहा था कि मुझे कश्मीर में उम्मीद की एक नयी किरण नजर आती है। कश्मीरियों ने एक लंबे समय तक आतंकी हिंसा को झेला है, पाकिस्तान के के छद्म युद्ध का मुकाबला किया है, और कश्मीर हर बार नयी ऊर्जा के साथ खड़ा हुआ है। यही कश्मीर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।