Jammu Kashmir Weather: श्रीनगर में मौसम की पहली बर्फबारी, पर्यटकों के खिले चेहरे व दिल गुलजार; बर्फ से पहाड़ सफेद
कश्मीर घाटी में शुक्रवार को बर्फबारी हुई जिससे गुलमर्ग पहलगाम माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत समेत सभी ऊपरी पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। श्रीनगर शहर में भी इस मौसम का पहला हिमपात हुआ। बर्फबारी से कश्मीर घूमने आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए। पत्नीटाप नत्थाटाप कठुआ जिला के बनी और राजौरी के पहाड़ भी बर्फ से सफेद हो गए हैं।

जागरण टीम, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली और गुलमर्ग, पहलगाम, माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत समेत सभी ऊपरी पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ श्रीनगर शहर में भी इस मौसम का पहला हिमपात हुआ। इससे कश्मीर घूमने आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पत्नीटाप, नत्थाटाप, कठुआ जिला के बनी और राजौरी के पहाड़ भी बर्फ से सफेद हो गए हैं। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर काजीगुंड और जवाहर टनल के आसपास हिमपात के चलते दो हजार वाहन फंसकर रह गए हैं।
हाईवे पर ही रामबन में कैफेटेरिया मोड़ इलाके में चलती बस पर पहाड़ से पत्थर गिरने से खिड़की के पास बैठी उत्तर प्रदेश की महिला पर्यटक की मौत हो गई। उधर, पुंछ के रास्ते कश्मीर को जम्मू संभाग से जोड़ने वाला मुगल रोड बर्फबारी के चलते पिछले चार दिन से बंद है। वहीं, जम्मू समेत मैदानी क्षेत्रों में दिनभर वर्षा होती रही, जिससे पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड है।
बिछ गई बर्फ की पतली चादर
वहीं, शुष्क मौसम से परेशान लोगों को वर्षा व बर्फबारी ने काफी राहत दी है। यह वर्षा फसलों के लिए भी वरदान है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शनिवार दोपहर तक बना रहेगा। दोपहर तक श्रीनगर व अन्य निचले इलाकों में मौसम शुष्क था, लेकिन इसके बाद शहर में भी हिमपात शुरू हो गया। इससे पूरे श्रीनगर में बर्फ की पतली चादर बिछ गई है।
बर्फ देखकर स्थानीय लोगों के साथ कश्मीर घूमने आए पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लौल चौक के घंटाघर व डल झील के आसपास भी पर्यटक जुट गए और इन हसीन पलों को मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। गुलमर्ग, सोनमर्ग, यूसमर्ग, पहलगाम के साथ शौपियां, पुलवामा, अनंतनाग, बारामुला, कुपवाड़ा तथा गांदरबल में भी रात तक बर्फबारी जारी थी।
इन क्षेत्रों में छह से नौ इंच ताजा बर्फ की चादर बिछ चुकी थी। वहीं पत्नीटाप में चार से पांच इंच बर्फ पड़ी। कटड़ा में माता वैष्णो देवी की ऊपरी चोटियों पांच पांडव, सूरजकुंड, सुखाल गली, सुखल नाला, सुखल घाटी में दो से तीन इंच बर्फ रिकार्ड की गई।
बर्फ में मनेगा 31 का जश्न
जम्मू-कश्मीर के लोगों सहित पर्यटकों को नये साल के स्वागत के लिए 31 दिसंबर का जश्न पत्नीटाप में बर्फ के बीच मनाने का इंतजार रहता है। समय से बर्फबारी से उनकी यह तमन्ना पूरी होगी।
छह उड़ानें रद्द
बर्फबारी से हवाई सेवा पर भी असर पड़ा है। शुक्रवार को श्रीनगर से जम्मू आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की दो उड़ानों सहित छह उड़ानें रद हुई। वहीं, जम्मू पहुंचने वाली अन्य शहरों की उड़ानें सामान्य रही।
संबंिधत सामग्री 3, 12 व जागरण सिटी
यह भी पढ़ें- Vaishno Devi Snowfall: श्रद्धालुओं का इंतजार खत्म... माता वैष्णो देवी धाम पर स्नोफॉल, चोटियों पर 3 इंच तक जमी बर्फ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।