लद्दाख के विकास के लिए सभी के साथ मिलकर करेंगे काम, उपराज्यपाल नियुक्त होने पर कविंदर गुप्ता ने कही यह बात
वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता जो जम्मू के पहले मेयर और जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं अब लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनौतीपूर्ण है और वे क्षेत्र के विकास के लिए सभी के साथ काम करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया है।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू शहर के पहले मेयर, जम्मू-कश्मीर राज्य के अंतिम उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर काम करने के बाद लद्दाख के उपराज्यपाल के तौर पर नई पारी शुरू करने जा रहे वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने सोमवार को कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण कार्यभार है और वह क्षेत्र के विकास के लिए सभी को साथ लेकर काम करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया। गुप्ता ने यहां संवाददाताओं से कहा, "मैं उन सभी का आभारी हूं जिन्होंने मुझे इस योग्य समझा - चाहे वह माननीय प्रधानमंत्री हों, माननीय राष्ट्रपति हों, गृह मंत्री हों या राष्ट्रीय नेतृत्व - जिन्होंने मुझे इस पद पर बिठाया। मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं।"
65 वर्षीय कविंद्र गुप्ता मूलरूप से जम्मू के रहने वाले हैं। उनके दो बेटियां पारुल गुप्ता व चारू गुप्ता और एक बेटा राघव गुप्ता हैं। वह भाजपा के निष्ठावान नेताओं में से एक हैं। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद जब विधानसभा चुनाव हुए थे तो उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा और पार्टी की जीत के लिए पूरा जोर लगाया।
यह भी पढ़ें- 'सत्ता कम सिखाती है, बेबसी ज़्यादा सिखाती है...', मौलवी फारूक ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर क्यों की यह टिप्पणी?
अब केंद्र सरकार की अनुशंसा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया है। कविंदर ने 13 साल की आयु में संघ की सदस्यता ली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के 12वें स्पीकर और आखिरी उपमुख्यमंत्री बने। अब जम्मू-कश्मीर यूटी बन चुका है। वह महबूबा मुफ्ती सरकार में जम्मू-कश्मीर राज्य के अंतिम उपमुख्यमंत्री रहे।
वर्ष 1959 में 2 दिसंबर के दिन जन्में कविंद्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भाजपा में आए थे। वह आपातकाल के दौरान 13 महीने जेल में रहे। तब वह विश्व हिंदू परिषद की पंजाब यूनिट के प्रमुख थे। कविंद्र गुप्ता भाजपा के संगठन में भी कई पदाें क संभाल चुके हैं। गुप्ता जम्मू-कश्मीर बीजेपी के बड़े और दिग्गज नेताओं में एक हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।