Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौन हैं सतपाल शर्मा, जिन्हें बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर का बनाया नया अध्यक्ष; दूसरी बार संभालेंगे जिम्मेदारी

    By Agency Edited By: Prince Sharma
    Updated: Fri, 24 Jan 2025 04:48 PM (IST)

    Jammu Kashmir Political News भारतीय जनता पार्टी को जम्मू-कश्मीर में नया अध्यक्ष मिल गया है और वह हैं वरिष्ठ नेता सतपाल शर्मा। उन्हें शुक्रवार को बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। सतपाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं वे समर्थकों से से पार्टी को मजबूत करने में समर्थन करने का आह्वान किया है।

    Hero Image
    सतपाल शर्मा बने बीजेपी जम्मू-कश्मीर के नए अध्यक्ष (एक्स प्लेटफॉर्म जम्मू-कश्मीर बीजेपी)

    पीटीआई, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल चुका है। शुक्रवार को वरिष्ठ नेता सतपाल शर्मा बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए।

    पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रमुख के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने में उनका समर्थन करने का आह्वान किया।

    रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) संजय भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में घोषणा की कि सतपाल शर्मा चुनावों में निर्विरोध चुने गए हैं। मैं उनकी जीत पर उन्हें बधाई देता हूं।

    शर्मा को पिछले साल नवंबर में पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के चल रहे "संगठन पर्व" के तहत संगठनात्मक चुनावों के हिस्से के रूप में गुरुवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वे राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी संजय भाटिया के समक्ष नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। संजय भाटिया हरियाणा से पूर्व सांसद हैं, जिन्हें पार्टी हाईकमान ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराने के लिए नियुक्त किया था।

    यह भी पढ़ें- टॉक्सिन कैडमियम क्या होता है, जिसने राजौरी में ली 17 लोगों की जान; जापान में भी मचा था मौत का तांडव

    साफा और माला पहनाकर किया गया सम्मानित

    केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, राष्ट्रीय पर्यवेक्षक श्रीकांत शर्मा, पार्टी के संगठन महासचिव अशोक कौल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने उन्हें साफा और माला पहनाकर सम्मानित किया।

    शर्मा ने यहां पार्टी प्रमुख की भूमिका संभालने के बाद कहा कि मैं केंद्र से लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं तक सभी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मुझे एक और मौका दिया और जम्मू-कश्मीर में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए मुझ पर भरोसा किया।

    'जम्मू-कश्मीर में पार्टी को बनाएंगे मजबूत'

    उन्होंने संगठन को और मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर जम्मू-कश्मीर में पार्टी को और मजबूत बना सकते हैं।

    हाल के विधानसभा चुनावों में हमने सबसे ज्यादा वोट शेयर हासिल किया है। मैं इस संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा सुनिश्चित करने के लिए आपका सहयोग चाहता हूं।

    पिछले साल नवंबर में भाजपा आलाकमान ने उन्हें पार्टी की केंद्र शासित प्रदेश इकाई का प्रमुख नियुक्त किया था। 63 वर्षीय शर्मा को हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी का टिकट नहीं दिया गया था।

    टिकट वितरण को लेकर नाराजगी के बीच उन्हें सितंबर में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया और बाद में पार्टी की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना की जगह अध्यक्ष पद पर पदोन्नत किया गया। बता दें कि रैना ने मई, 2018 में शर्मा का स्थान लिया था और वह साढ़े छह साल तक इस पद पर रहे। उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।

    कौन हैं सतपाल शर्मा?

    जम्मू में एक डोगरा परिवार में जन्मे शर्मा पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जिन्होंने 2014 में पहली बार भाजपा के टिकट पर जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। उन्होंने पीडीपी-भाजपा सरकार में 40 दिनों के लिए कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया।

    बीजेपी द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद साल 2018 में सरकार गिर गई थी। शर्मा 2015 से 2018 के बीच ढाई साल तक इस पद पर रहे। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मैं शर्मा जी को अध्यक्ष पद पर उनके चुनाव के लिए बधाई देता हूं।

    उन्होंने कहा कि शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता देश के विकास में योगदान देने के लिए अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल करेंगे और लोग देश के विकास में योगदान के लिए जम्मू-कश्मीर के पार्टी कार्यकर्ताओं को श्रेय देंगे।

    यह भी पढ़ें- JK Election Result: क्या रवींद्र रैना ने दे दिया भाजपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा? नौशेरा से हारने के बाद क्या बोले