शेषनाग सड़क विवाद में उमर सरकार की एंट्री, 3 विभागों से मांगी रिपोर्ट; NC बोली- 'फिक्स्ड मैच' खेल रहे BJP-PDP
जम्मू-कश्मीर में शेषनाग सड़क परियोजना पर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के निर्देश पर परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

उमर सरकार ने पर्यावरणीय असर की जांच के लिए तीन विभागों से मांगी रिपोर्ट। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शेषनाग सड़क परियोजना पर चिंता जताई।
पर्यावरणीय प्रभावों के आकलन हेतु विस्तृत रिपोर्ट का निर्देश।
अनियमितता पाए जाने पर परियोजना तत्काल रोकी जाएगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। शेषनाग सड़क परियोजना को लेकर जम्मू-कश्मीर में सियासी घमासान तेज हो गया है। अब सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) भी मैदान में उतर गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और जदीबल के विधायक तनवीर सादिक ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने परियोजना को लेकर उठ रही चिंताओं का संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित वन मंत्री को निर्देश दिए हैं कि परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पर्यावरण विभाग और वन्यजीव विभाग से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की जाए।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता एवं जदीबल के विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि क्षेत्र से सामने आए कुछ दृश्यों के बाद ये निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार किसी भी संभावित पर्यावरणीय उल्लंघन की वास्तविक स्थिति का पता लगाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच करेंगे और अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसे तत्काल रोक दिया जाएगा।
'मंजूरी वापस लेना संभव नहीं'
सादिक ने कहा, 'हम इस प्रस्ताव को रोक नहीं सकते, क्योंकि इसे पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। लेकिन यदि किसी भी स्थान पर कोई अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो हम उसे रोक देंगे।'
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी और संबंधित विभागों की रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगी।
भाजपा-पीडीपी की 'फिक्स्ड मैच' की सियासत
इस बीच सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेका) के मुख्य प्रवक्ता एवं जदीबल के विधायक तनवीर सादिक ने पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि शेषनाग सड़क विवाद के जरिए भाजपा और पीडीपी के बीच कथित तौर पर ‘फिक्स्ड मैच’ खेला जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे को धार्मिक रंग देकर हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण की कोशिश की जा रही है, ताकि उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।