Jammu Weather Today: ठिठुरा कश्मीर, श्रीनगर में न्यनूतम तापमान -4.6 डिग्री तक लुढ़का; चिल्लेकलां की शुरुआत के बाद और गिरेगा तापमान
jammu kashmir weather Update जम्मू कश्मीर में सर्दियों के सबसे ठंडे दौर 40 दिन के चिल्लेकलां की 21 दिसंबर से शुरुआत हो रही है लेकिन उससे पहले ही श्रीनगर में न्यनूतम तापमान शून्य से नीचे -4.6 डिग्री सेल्सियस गिर गया। इसी तरह पर्यटक स्थल गुलमर्ग में भी न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 व 12 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे।

जागरण संवाददाता, जम्मू। कश्मीर में सर्दियों के सबसे ठंडे दौर 40 दिन के चिल्लेकलां की 21 दिसंबर से शुरुआत हो रही है, लेकिन उससे पहले ही श्रीनगर में न्यनूतम तापमान शून्य से नीचे -4.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मौजूदा सर्दियों में श्रीनगर के लोगों ने सबसे सर्द रात बिताई। ठंड से पूरा कश्मीर कांप रहा है और जिंदगी की रफ्तार ठहर सी गई है। अनंतानाग का पहलगाम -5.0 डिग्री के साथ पूरे कश्मीर में सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा।
गुलमर्ग में भी न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड
इसी तरह पर्यटक स्थल गुलमर्ग में भी न्यूनतम तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, जम्मू में दिन में तो राहत है, लेकिन रात में ठंड काफी बढ़ गई है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात रही।
यह भी पढ़ें: Jammu Kashmir: कश्मीर की महिला शक्ति पर PM मोदी को भरोसा, शेखपोरा की नाजिया से बोले- 'आपका उत्साह मेरे लिए ताकत'
11-12 को छाएंगे बादल, गिरेगा तापमान
इस बीच, मौसम विभाग के अनुसार, 11 व 12 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। 13 से 16 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, हालांकि ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की वर्षा व हिमपात हो सकता है।
21 दिसंबर से 31 जनवरी तक कश्मीर में चिल्लेकलां के दौरान और गिरेगा तापमान
कश्मीर में 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक की अवधि को चिल्लेकलां कहा जाता है। इस दौरान भारी हिमपात होता है और जलस्रोत जम जाते हैं। नलों के साथ पानी के पाइप तक जाम हो जाते हैं।
मौजूद समय में धूप जरूर निकल रही है, लेकिन शीतलहर के बीच गलन बढ़ गई है। श्रीनगर में शनिवार को अधिकतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
लेह का अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री व न्यूनतम -9.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं जम्मू का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी क्षेत्रों में धीरे-धीरे कोहरा भी बढ़ने लगा है। यदि वर्षा व बर्फबारी जल्दी न हुई तो धुंध और बढ़ेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।