जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी में भीषण आग से 10 गोदाम राख, कांग्रेस समेत कई नेताओं ने उठाई जांच की मांग
जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस में दिवाली की रात भीषण आग लग गई, जिससे 10 दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए और करोड़ों का नुकसान हुआ।

जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी में भीषण आग से 10 गोदाम राख (जागरण फोटो)
HighLights
दिवाली रात जम्मू वेयर हाउस में लगी भीषण आग
दस दुकानें और गोदाम जलकर हुए पूरी तरह राख
व्यापारियों ने दमकल विभाग पर देरी का आरोप लगाया
जागरण टीम, जम्मू। दीवाली की रात जम्मू संभाग की सबसे बड़ी अनाज मंडी में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते 10 दुकानें और गोदाम जलकर पूरी तरह राख हो गए।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। दुकानों और उनके बाहर भारी मात्रा में रखे खाद्य तेल, देसी घी, रुई, अनाज और अन्य सामान ने आग को और भड़का दिया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि उन पर काबू पाने के लिए भीतर घुसने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से दुकानों की दीवारें तक तोड़नी पड़ीं।
यह भी पढ़ें- श्रीनगर के रिहायशी इलाके में लगी भीषण आग, धू-धू कर जले दो मकान
दमकल विभाग की 18 गाड़ियों ने पांच घंटे अभियान चलाया। इसके बावजूद सोमवार दोपहर तक आग धधकती रही। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख होने का अनुमान है।
वहीं व्यापारियों ने फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज पर आग बुघने के लिए गाड़ियां देरी से भेजे का आ आरोप लगाया। संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई न होने से नाराज वेयर हाउस-नेहरू मार्केट फेडरेशन ने बाजार को अगले 48 घंटे यानी बुधवार तक बंद रखने का एलान किया है।
आग की घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे शहर के मध्य स्थित वेयर हाउस के ब्लाक-सी में पेश आई। दिवाली के मौके पर शहर में जगह-जगह आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारियां वेयर हाउस में दुकानों के बाहर रखे अनाज व अन्य सामान पर जा गिरीं। देखते ही देखते सामान ने आग पकड़ ली और आग आसपास की दुकानों तथा गोदामों तक फैलने लगी।
यह भी पढ़ें- दीपावली की रात जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी में लगी भीषण आग, कई दुकानें जलकर राख
नेताओं ने क्या कहा?
भाजपा ने छह विधायकों की समिति बनाई प्रदेश भाजपा ने छह विधायकों की समिति बनाई है। यह सयेसमिति वेयर हाउस और शिव मार्केट में व्यापारियों को हुए नुकसान का आकलन करेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि समिति इस मामले को सरकार के सामने उठाएगी, ताकि व्यापारियों को समय रहते राहत और पुनर्वास मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि समिति इस मांग को भी आगे बढ़ाएगी कि विधायकों को अपने "क्षेत्र विकास कोष" का इस्तेमाल प्रभावित व्यापारियों की मदद के लिए करने की अनुमति दी जाए।
जम्मू के वेयर हाउस में आग की भीषण घटना से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। मैने बीती रात स्थिति का जायजा लिया था और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर उन्हें हादसे से प्रभावित सभी लोगों को तत्काल और व्यापक राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। -मनोज सिन्हा, उपराज्यपाल
वहीं, जम्मू सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के मौके पर देरी से पहुंचने पर निंदनीय है। इस बात की उच्चस्तरीय जांच की मांग की कि दमकल विभाग को पहुंचने में विलंब क्यों हुआ। नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द पर्याप्त मुआवजा दिया जाए।
इस अग्निकांड को लेकर सरकार वेयर हाउस के व्यापारी वर्ग के साथ है। प्रशासन से नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। तैयार रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी और व्यापारियों को सरकार जल्द राहत देगी। दमकल और आपात सेवाओं के कथित तौर पर देर से पहुंचने के मामले की भी जांच होगी। नुकसान का आकलन करने के बाद पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता तय की जाएगी। -सुरिंदर चौधरी, उपमुख्यमंत्री
कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस पार्टी ने रोशनी के त्योहार दीवाली के पवित्र मौके पर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। एक प्रेस बयान में कांग्रेस ने कहा कि फायर ब्रिगेड के इमरजेंसी में तुरंत मदद न करने की वजह से बहुत बड़ी तबाही हुई और व्यापारियों को बहुत नुकसान हुआ, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर चिंता की बात है।
यह भी पढ़ें- 'फोन नहीं उठा तो खुद दमकल दफ्तर गया, फिर भी देर से आई गाड़ी'; जम्मू शिव मार्केट अग्निकांड में दुकानदार का आरोप
प्रभावित व्यापारियों के साथ पूरी सहानुभूति दिखाते हुए, जेकेपीसीसी ने सरकार और केंद्र से वेयर हाउस और शिव मार्केट जम्मू में आग लगने की घटनाओं के पीड़ितों के लिए तुरंत एक सही राहत पैकेज बनाने को कहा है।
भीषण अग्निकांड से गहरा दुख जताया है। प्रशासन को अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने और प्रभावित व्यापारियों व प्रभावित अन्य लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। हम व्यापारियों के साथ हैं। -उमर अब्दुल्ला, मुख्यमंत्री
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कपिल सिंह ने कहा कि वेयर हाउस अग्निकांड में करोड़ों का नुकसान हुआ है। यह व्यक्तिगत व्यापारियों का नुकसान नहीं, बल्कि जम्मू के व्यापारिक समुदाय के लिए बड़ा आर्थिक झटका है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों और घटनास्थल पर पहुंची राहत व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने सवाल किया कि आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त संसाधन समय पर क्यों नहीं जुटाए जा सके और कहीं विभागीय स्तर पर कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। नुकसान का असर कई परिवारों पर पड़ा है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।