'फोन नहीं उठा तो खुद दमकल दफ्तर गया, फिर भी देर से आई गाड़ी'; जम्मू शिव मार्केट अग्निकांड में दुकानदार का आरोप
जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिव मार्केट में लगी भीषण आग से दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ। दुकान मालिक विकास ...और पढ़ें

दमकल की देरी से जम्मू शिव मार्केट में भीषण आग, दुकानदारों का लाखों का नुकसान।
HighLights
जम्मू शिव मार्केट में भीषण आग से दुकानें राख।
दुकान मालिक ने दमकल विभाग पर देरी का आरोप लगाया।
समय पर कार्रवाई होती तो अन्य दुकानें बच सकती थीं।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने शिव मार्केट में लगी भीषण आग ने दुकानदारों की वर्षों की कमाई राख कर दी। दुकान नंबर 47 के मालिक विकास गुप्ता ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि दुकान बंद नहीं थी और उसमें सर्दियों के कपड़ों का काफी सामान रखा था। दिवाली और सर्दियों का सीजन कारोबार के लिए अहम होता है। आग से उनकी पूरी जिंदगी की कमाई खत्म हो गई।
गुप्ता के अनुसार, उन्होंने दमकल विभाग को कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। वह स्कूटी से दमकल कार्यालय पहुंचे और गाड़ियां भेजने की गुहार लगाई। उनके आरोप के मुताबिक, करीब सवा से डेढ़ घंटे बाद छोटी गाड़ी पहुंची, जिसमें पानी का दबाव बेहद कम था। आग छत से शुरू हुई थी।
समय पर कार्रवाई होती तो आसपास की दुकानें बच जाती
उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई होती तो आसपास की दुकानें बच सकती थीं। उन्होंने बताया कि 10 से 12 साल पहले सामने वाली दुकान में आग लगी थी, पर आसपास की दुकानें सुरक्षित रही थीं। उन्होंने जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। दमकल विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही देरी के कारणों की पुष्टि होगी।
'प्रभावित दुकानदारों को राहत और पुनर्निर्माण की अनुमति मिले'
चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता ने सोमवार को घटनास्थल पहुंचकर दुख जताया और सरकार व जिला प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने बताया कि सूखे मेवे, कपड़े, यात्रा संबंधी सामान और अन्य वस्तुओं की दुकानें तबाह हुई हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी परिवारों के पालन-पोषण और आजीविका के लिए इन्हीं दुकानों पर निर्भर हैं। त्योहारों से पहले अधिक कारोबार की उम्मीद में रखा गया सामान भी आग में नष्ट हो गया।
राहत की बात है कि बचाव प्रयासों में किसी की जान नहीं गई। गुप्ता ने दुकानों के पुनर्निर्माण की जल्द अनुमति और विशेष राहत पैकेज देने की अपील की। उन्होंने कहा कि चैंबर प्रभावित व्यापारियों के साथ है और उनकी मांगें अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा।
