जम्मू-कश्मीर में मौसम के अलग-अलग रंग, कहीं गर्मी का अहसास; तो कहीं अगले 72 घंटे तक बारिश और बर्फबारी की संभावना
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir Weather) में मौसम के अलग-अलग मिजाज देखने को मिले। जम्मू में तीखी धूप निकली और दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा। वहीं कश्मीर में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बाद भी ठंड बरकरार रही। अगले 72 घंटों में घाटी में अलग-अलग जगहों पर बर्फबारी की संभावना है। बता दें कि घाटी में अभी चिल्लेकंला का कहर जारी है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को मौसम के अलग-अलग मिजाज दिखे। जम्मू में तीखी धूप निकली और दोपहर को गर्मी का अहसास होने लगा। इससे अधिकतम तापमान में भी उछाल आया, जबकि कश्मीर में न्यूनतम तापमान में आए हल्के से सुधार के बाद भी ठंड बरकरार रही।
अगले 72 घंटों तक बर्फबारी की संभावना
घाटी में अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु शून्य से कई डिग्री और चले गया है। पहलगाम न्यूनतम तापमान -6.4 डिग्री के साथ घाटी का ठंडा क्षेत्र बना रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 72 घंटों में घाटी में अलग-अलग जगहों पर बर्फबारी की संभावना है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: पहाड़ों में बादल, मैदानी इलाकाें में खिली चटक धूप, यहां जानें कल कैसा रहेगा मौसम?
जम्मू के मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान साफ था। धूप निकलने के साथ तेज होती चली गई। ऐसा लगा मानो सर्दी का मौसम अब जाने लगा हो। शाम को दोबारा आंशिक बादल छाना शुरू हुए और ठंडी हवाएं चलने लगीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों की तुलना में ठंडक कम थी। स्थिति यह रही कि अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8.7 डिग्री अधिक है।
जम्मू में अब सर्दी ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं
न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह 9.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जम्मू के मौसम में आए बदलाव से लगा कि अब सर्दी शायद ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं है। ऊधर, गत सप्ताह बर्फबारी के बाद से घाटी में मौसम शुष्क बना हुआ है। श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 0.9 डिग्री नीचे था।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे रहा, जो पिछली रात के शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे से कम है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री नीचे, पंपोर में शून्य से 5 डिग्री नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 1.4 डिग्री नीचे और कोकेरनाग में शून्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया।
घाटी में चिल्लेकलां जारी
बता दें कि घाटी में सबसे ठंडा दौर चिल्लेकलां जारी है। 21 दिसंबर 2024 से शुरू हुए 40 दिवसीय चिल्लेकलां के सोमवार को 30 दिन खत्म हो चुके हैं। इस अवधि में घाटी में तीन बार बर्फबारी हो चुकी है।
ये रहेगा मौसम
21 और 22 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। चिनाब घाटी और पीर पंजाल रेंज के ऊंचे इलाकों में भी मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
23 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश (जम्मू के मैदानी इलाकों में) और बर्फबारी की संभावना है। 24 से 28 जनवरी के बीच मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। 29 से 31 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।