Jammu Kashmir Weather: कश्मीर में कड़ाके की ठंड, कई इलाकों में आज बर्फबारी की संभावना; जम्मू में बढ़ी ठिठुरन
जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir Weather) के गांदरबल जिले के पर्यटन स्थल सोनमर्ग समेत कश्मीर के कुछ उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार की शाम को हल्की बर्फबारी हुई। कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जम्मू में भी ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर के कुछ ऊंचे क्षेत्रों में आज यानी गुरुवार को भी हिमपात हो सकता है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के पर्यटन स्थल सोनमर्ग समेत कश्मीर के कुछ उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार की शाम को हल्की बर्फबारी हुई।
अलबत्ता, मैदानी क्षेत्रों में वर्षा या हिमपात नहीं हुआ। कश्मीर में वर्तमान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इधर, कुछ दिनों तक राहत के बाद जम्मू में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है।
जम्मू में शीतलहर का प्रकोप
बुधवार सुबह से शाम तक आंशिक बादल छाए रहने तथा ठंडी हवाएं चलने से मौसम सर्द होता चला गया। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर के कुछ ऊंचे क्षेत्रों में आज यानी गुरुवार को भी हिमपात हो सकता है। जम्मू में बुधवार की सुबह बादलों के साथ हुई। दोपहर को थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन सर्दी से राहत नहीं दिला पाई।
यह भी पढ़ें- Weather Updates: हिमाचल में हिमपात, आज प्रदेश के कई जगहों पर होगी बर्फबारी और बारिश
शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला। हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 11.2 रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
4 फरवरी तक मौसम में कोई बदलाव नहीं
पिछले कुछ दिनों से खिल रही तेज धूप के चलते जम्मू में तापमान में बढ़ोतरी शुरू हुई है। बुधवार को बदले मौसम के मिजाज फिर से सर्दी का एहसास करवा रहे हैं।
मौसम विभाग की माने तो चार फरवरी तक यूं मौसम बना रहेगा। बादल छाए रहने के साथ कहीं बारिश होगी तो उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बर्फबारी होगी।
हिमाचल में भी हिमपात
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में भी हिमपात हुआ है। बुधवार को हिमाचल के रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजुम दर्रा सहित ऊंचे स्थानों पर हल्का हिमपात हुआ।
वहीं, कुल्लू सहित कई स्थानों में पूरा दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई है।
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति और मंडी जिले में वर्षा और हिमपात की संभावना अधिक जताई गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि 31 जनवरी और एक फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ अधिक रहने वाला है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।