जम्मू-कश्मीर में संकट की इस घड़ी में भाजपा भी प्रभावितों के साथ, सहायता देने के लिए युद्ध स्तर पर करेंगे काम
जम्मू कश्मीर में बाढ़ के हालात को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया गया और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन से समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
राज्य ब्यूरो, जागरण, जम्मू। जम्मू कश्मीर में संकट की इस घड़ी में प्रदेश भाजपा प्रभावित के साथ खड़ी है। हर नेता, कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावितों को सहायता देने के लिए युद्ध स्तर पर काम करे। सबकी प्राथमिकता पीड़ितों का समय पर राहत व पुनर्वास होना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने ये दिशानिर्देश बुधवार को जम्मू में बाढ़ से उपजे हालात का जायजा लेने के लिए पार्टी मुख्यालय में बैठकों को संबोधित करते हुए दिए। इन बैठकों को प्रदेश अध्यक्ष के साथ संगठन महामंत्री अशोक कौल, जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा व प्रदेश महासचिवों संजीता डोगरा व बलदेव सिंह बलाेरिया ने भी संबोधित किया।
तय किया गया कि पार्टी लोगों को हुए नुकसान का मुद्दा हर स्तर पर प्रशासन से उठाकर सुनिश्चित करेगी कि लोगों की मुश्किलों को जल्द दूर किया जाए। इस दौरान पार्टी के विधायकों व वरिष्ठ नेताओं से उनके इलाकों में बाढ़ से उपजे हालात के बारे में जानकारी भी ली गई।
यह भी पढ़ें- सीएम उमर ने श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड से किया सवाल, चेतावनी के बावजूद तीर्थयात्रियों को क्यों नहीं रोका गया?
जम्मू के त्रिकुटानगर स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा की बैठकों का सिलसिला श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भू स्खलन में मारे गए लोगों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। इस दौरान घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की गई।
बैठकों में विधायक शाम लाल शर्मा, युद्धवीर सेठी, डा राजीव भगत, अरविंद गुप्ता, प्रो. घारू राम भगत, सुरिंदर भगत के साथ पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेता व जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
विभिन्न जिलों के नेताओं ने अपने इलाकों के ज़मीनी हालात, जान-माल के व्यापक नुकसान, सड़कों, बिजली के खंभों, तवी और निक्की तवी नदी के तटबंधों, नालों, घरों, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, सामान, वाहनों, फसलें व पशुधन को हुए नुकसान के बारे में ब्योरा दिया।
यह भी पढ़ें- जिला राजौरी में बारिश से सीमावर्ती क्षेत्र में भारी तबाही, दर्जनों कच्चे मकान गिरे, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ से कई इलाकों में सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है पार्टी संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे हर प्रभावित व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें जल्द से जल्द राहत दिलवाने के लिए प्रयास करे।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रभावितों के लिए लगाए गए राहत शिविरों में लोगों को उनकी जरूरत का सामान उपलब्ध करवाने की दिशा में भी प्रयास करें। लोगों को जागरूक किया जाए कि वे हर ऐसा कदम उठाए जिससे बाढ़ के बाद बीमारियां न फैलें।
वहीं अशोक कौल ने कहा कि कार्यकर्ता प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लोगों की दुख, तकलीफें दूर करें। लोगों को खाने, पीने, दवाईयों की कमी नही होनी चाहिए। भाजपा उस समय तक काम करते रहे जब तक हालात सामान्य न हों।
यह भी पढ़ें- जिला राजौरी में भारी बारिश से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, पिछले 30 घंटों से अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि बाढ़ से लोगों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। यह मामला उचित स्तर पर उठाया गया है। प्रभावितों के राहत, पुनर्वास की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।