PMO का ADG बनकर धोखा देता रहा जालसाज, आवभगत में जुटे रहे अधिकारी; असलियत खुलने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपित कई दिन से श्रीनगर के बड़े प्रतिष्ठानों में जाकर उनके कई बड़े काम करवाने के नाम गुमराह कर रहा था। धीरे-धीरे कारोबारियों को शक होने लगा। कुछ से वह ठगी भी कर चुका था। लेकिन पुलिस इस पर कुछ बता नहीं रही है।

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। कश्मीर से सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। कई दिन तक एक जालसाज खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ में रणनीति एवं अभियान विंग में अतिरिक्त निदेशक (एडीजी) बताकर खातिरदारी करवाता रहा। पुलिस से लेकर प्रशासन के अधिकारी तक सब आवभगत में जुटे रहे। जालसाज को बकायदा सुरक्षा के लिए पुलिस दस्ता भी मिला था। वह कई दिन तक कश्मीर के पर्यटनस्थलों तक घूमता रहा। कुछ नौकरशाहों और व्यापारियों से ठगी करने के बाद असलियत खुलने पर पुलिस ने जालसाज को गिरफ्तार कर लिया है।
कारोबारियों और नौकरशाहों से मिला
आरोपित गुजरात का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को अपने तंत्र से खबर मिली कि एक व्यक्ति खुद को पीएमओ में एडीजी बता रहा है। वह कुछ नामी कारोबारियों के अलावा कुछ नौकरशाहों से भी मिला है। उसकी गतिविधियां संदेहास्पद है। इस आधार पर निशात पुलिस थाना प्रभारी ने जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने एफआइआर दर्ज कर किरण पटेल पुत्र जमीदन भाई पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों को किया गुमराह
बताया जा रहा है कि आरोपित कई दिन से श्रीनगर के बड़े प्रतिष्ठानों में जाकर उनके कई बड़े काम करवाने के नाम गुमराह कर रहा था। धीरे-धीरे कारोबारियों को शक होने लगा। कुछ से वह ठगी भी कर चुका था। लेकिन पुलिस इस पर कुछ बता नहीं रही है। लोग शक न करें उसने डल झील किनारे स्थित हेरीटेज होटल ललित ग्रैंड में करीब 15 दिन पहले कमरा बुक कर रखा था। उसने पुलिस अधिकारियों को गुमराह कर लिया था। अपने लिए पुलिस से एक सुरक्षा दस्ता प्राप्त किया था।
प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की
किरण ने कश्मीर के कुछ पर्यटनस्थलों का भी दौरा किया। उसके साथ एसडीएम रैंक के अधिकारी भी रहते थे ताकि उसके प्रोटोकाल में कोई दिक्कत न हो, क्योंकि सभी उसे पीएमओ में एडीजी मान चुके थे। खुद को केंद्र सरकार का बड़ा अधिकारी बताने वाले किरण से उपायुक्त रैंक के कुछ अधिकारी भी कथित तौर पर मिले और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की।
न्यायिक हिरासत में भेजा
किरण ने कश्मीर के नामी कारोबारियों के अलावा कुछ नौकरशाहों को ठगा है। अधिकारिक तौर पर इस विषय में कोई पक्की जानकारी नहीं मिल पाई है। सूत्रों ने बताया कि आरोपित किरण को पुलिस ने अदालत में पेश किया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।