Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    श्रीनगर से हज के लिए रवाना हुआ 178 यात्रियों का पहला जत्था, LG सिन्हा और CM अब्दुल्ला ने दी शुभकामनाएं

    Updated: Sun, 04 May 2025 05:12 PM (IST)

    उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर हवाई अड्डे से हज यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी साथ थे। पहले जत्थे में 178 यात्री शामिल थे। एलजी ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की। इस साल जम्मू कश्मीर से लगभग 3622 तीर्थयात्री हज यात्रा करेंगे। श्रीनगर हवाई अड्डा 4 से 15 मई 2025 के बीच 11 उड़ानें संचालित करेगा।

    Hero Image
    श्रीनगर से हज के लिए रवाना हुआ 178 यात्रियों का पहला जत्था

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के हज यात्रियों के पहले जत्थे को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना किया। उनके साथ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व अन्य अधिकारी भी थे। पहले जत्थे में 178 यात्री रवाना हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपराज्यपाल ने दी शुभकामनाएं

    उपराज्यपाल ने हज यात्रियों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षित तीर्थयात्रा और पूर्ण आध्यात्मिक अनुभव के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की शांति और समृद्धि और सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

    उपराज्यपाल ने कहा कि मैं पवित्र हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि यह दिव्य तीर्थयात्रा जीवन भर का सपना है। केंद्र सरकार तीर्थयात्रियों और उनकी पवित्र तीर्थयात्रा की भलाई के लिए सर्वोत्तम संभव व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    हज यात्रियों का स्वागत जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास में होगा 

    इस वर्ष केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर से लगभग 3622 तीर्थयात्री हज यात्रा करेंगे। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 4 से 15 मई 2025 के बीच 11 उड़ानें संचालित करने वाला है जिससे जम्मू-कश्मीर से लगभग 3132 हज यात्री और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से 242 हज यात्री यात्रा कर सकेंगे।

    हज यात्रियों का स्वागत जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास, विदेश मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। उपराज्यपाल ने पवित्र तीर्थयात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी हितधारकों के समर्थन की भी सराहना की।

    मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दी शुभकामनाएं

    वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जम्मू-कश्मीर से हज यात्रियों के पहले जत्थे को गर्मजोशी से विदाई दी और उनकी सुरक्षित यात्रा तथा हज के सुचारू संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री रविवार सुबह श्रीनगर के शेख-उल-आलम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां उन्होंने प्रस्थान से पहले तीर्थयात्रियों से बातचीत की।

    कुल 178 हजयात्री सऊदी अरब के लिए सीधी उड़ान पर सवार हुए। यात्रियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी भलाई तथा आध्यात्मिक रूप से पूर्ण हज-ए-बैतुल्लाह की कामना की। उन्होंने उनसे जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति, समृद्धि और प्रगति तथा वहां के लोगों की पीड़ा और विपत्ति से सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।

    मुख्यमंत्री के साथ उनके सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, कश्मीर के मंडलायुक्त विजय कुमार बिधूड़ी और अन्य संबंधित लोग भी थे। यात्रियों ने हज हाउस और श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किए गए विस्तृत और कुशल प्रबंधों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। यात्रियों की सुविधा के लिए सुगम परिवहन, बोर्डिंग और लाजिंग, सामान सत्यापन, सुरक्षा जांच, जलपान, भोजन, प्रार्थना व्यवस्था, यात्रा दस्तावेजों का वितरण और बोर्डिंग पास शीघ्र जारी करने सहित विस्तृत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

    यह भी पढ़ें- Maa Vaishno Devi के भक्तों पर मौसम भी मेहरबान, बिना किसी परेशानी के दर्शन कर रहे श्रद्धालु; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम