कश्मीर के पर्यटन के लिए जान बनी अमरनाथ यात्रा, 3.35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा ने पर्यटन को सहारा दिया है। पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों की संख्या घट गई थी लेकिन यात्रा शुरू होने से स्थिति सामान्य हो गई। देशभर से श्रद्धालु आ रहे हैं जिससे पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है। उपराज्यपाल ने भी यात्रा को पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू कश्मीर में पर्यटन को पटरी पर लाने में बाबा अमरनाथ यात्रा सहायक हो रही है। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कश्मीर में पर्यटकों की रफ्तार थम गई थी। पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। उसके बाद भारत व पाक के बीच तनावपूर्ण हालात बन गए।
बाबा अमरनाथ यात्रा की तिथि तो पहले ही निर्धारित थी और उसी हिसाब से यात्रा तीन जुलाई को शुरु हुई। हालांकि, सरकार की तरफ पर्यटकों को कश्मीर में लाने के प्रयास किए गए, लेकिन जैसे ही बाबा अमरनाथ यात्रा शुरू हुई तो हालात बिलकुल सामान्य होते चले गए। जिस तरह से देश के कोने कोने से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आना शुरू किया उससे यह साफ होता चला गया कि श्रद्धालुओं की बाबा बर्फानी के प्रति आस्था किसी भी तरह के पाक प्रायोजित आतंक या भय पर भारी है।
अब बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले अधिकतर श्रद्धालु भी यात्रा के बाद कश्मीर घूम रहे है। इससे पर्यटन उद्योग को सहारा मिला है। यात्रियों के उत्साह को देखते हुए यात्रा नहीं आने वाले पर्यटक भी इसके साथ देश के विभिन्न हिस्सों से भी कश्मीर पहुंच रहे है। यह कहना गलत नहीं होगा कि बाबा अमरनाथ यात्रा ने कश्मीर के पटरी से उतरे पर्यटन को संजीवनी देने का काम किया है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी कहा कि बाबा अमरनाथ यात्रा जम्मू कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम है। वहीं दूसरी तरफ यात्रा के सुचारू रूप से चलने के बाद पर्यटकों के हौसले भी बुलंद हुए हैं। यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर के पर्यटन उद्योग पर हुए असर के बाद यात्रा के शुरु होने पर राहत मिली है।
अब तक 3.35 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। अभी यात्रा लिए दो सप्ताह से अधिक का समय शेष है। ऐसे में यात्रियों की संख्या पांच लाख के करीब पहुंच सकती है। पिछले साल करीब सवा पांच लाख श्रद्धालुओं ने बाबा अमरनाथ की यात्रा की थी।
साथ ही पर्यटकों की भारी भीड रही थी जिससे पर्यटन उद्योग को पंख लगे थे। सरकार के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के प्रयास जारी है। गत दिनों मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर के पर्यटन उद्योग से संबंधित लोगों के साथ बातचीत कर सरकार की तरफ से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।