Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा के लिए तैयार हैं शिव भक्त, जम्मू से दो जुलाई को रवाना होगा पहला जत्था
बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए शिव भक्त तैयार हैं यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी। पहलगाम और बालटाल मार्गों पर मरम्मत का काम पूरा हो गया है। यात्रियों के लिए पानी बिजली शौचालय और चिकित्सा के प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के लिए आरएफडीआइ कार्ड अनिवार्य है और यात्रा मार्ग को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए शिव भक्त तैयार हैं। यात्रा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा के दोनों मार्गों पहलगाम व बालटाल की पवित्र गुफा तक मरम्मत,रेलिंग का कार्य पूरा हो गया है। श्रद्धालुओं के पानी, बिजली, शौचालय, स्नानघर से लेकर चिकित्सा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। पवित्र गुफा स्थल से लेकर दोनों मार्गों में विभिन्न कैंपों में पहलगाम व बालटाल तक लंगर लगाए गए है।
बालटाल व नुनवन में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट लगाए गए है। दुकानों के शैड भी तैयार हैं। यात्रा के दोनों मार्गों पर 26 ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। इसमें बालटाल मार्ग पर 16 व पहलगाम रूट पर 10 आक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। कुल मिलाकर पचास मेडिकल स्टेशन बनाए गए है जिसमें बेस अस्पताल व
अन्य चिकित्सा कैंप शामिल हैं। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड व प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सक्रिय है। बिना आरएफडीआइ कार्ड के किसी को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसमें श्रद्धालु, सुरक्षा कर्मी, लंगर व विभिन्न सेवाएं देने वाले लोग शामिल हैं। कैंपों व आसपास के इलाकों में साफ सफाई बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती हो गई है। लंगर वालों को भी अपने अपने क्षेत्र में साफ सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए है।
यात्रा के दोनों मार्गों पर शिविरों में कैंप निदेशकों व अतिरिक्त कैंप निदेशकों ने जिम्मेदारी संभाल ली है। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की हो चुकी है। यात्रा की अवधि के दौरान दोनों मार्गों को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है इसलिए इस बार हेलिकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध नहीं है। एक जुलाई को श्रद्धालुओं के जम्मू के यात्री निवास को खोल दिया जाएगा। पंथा चौक श्रीनगर के यात्री निवास को भी यात्रियों के लिए खोला जाएगा।
पंथाचौक यात्री निवास का अधिकतर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। तीन जुलाई को पहले दर्शन होंगे। पहले दिन के दर्शन में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, प्रशासन व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यात्रा तीन जुलाई से शुरु होकर 38 दिन तक चलेगी और रक्षा बंधन वाले दिन 9 अगस्त को संपन्न होगी।
जिन श्रद्धालुओं ने एडवांस पंजीकरण नहीं करवाई है उनको करंट पंजीकरण करवाना होगा। इसके लिए प्रबंध किए गए हैं। जम्मू के यात्री निवास भगवती नगर में दो जुलाई को सुबह उपराज्यपाल यात्रा के लिए पहले जत्थे को रवाना करेंगे। बढ़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे ही बालटाल व पहलगाम पहुंच कर यात्रा करते है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहली जुलाई को श्रद्धालु पहुंच जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।