विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Harmanpreet Singh के 250 इंटरनेशनल मैच पूरे, मलेशिया के खिलाफ सुपर-4 मैच में 'सरपंच साहब' ने हासिल की यह उपलब्धि

Published: Thu, 04 Sep 2025 08:49 PM (IST)

Harmanpreet Singh बिहार के राजगीर में इन दिनों हॉकी एशिया कप 2025 खेला जा रहा है। सुपर-4 के अपने दूसरे ...और पढ़ें

भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह का 250वां मुकाबला।
भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह का 250वां मुकाबला।

HighLights

  1. राजगीर में खेला जा रहा हॉकी एशिया कप 2025
  2. हेड कोच क्रेग फुल्टन से 250वीं जर्सी प्राप्त की
  3. हरमनप्रीत सिंह ने 2015 में डेब्‍यू किया था

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के राजगीर में इन दिनों हॉकी एशिया कप 2025 खेला जा रहा है। सुपर-4 के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम का सामना आज मलेशिया से हो रहा है। यह भारतीय हॉकी टीम के कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह के करियर का 250वां इंटरनेशनल मैच है। हॉकी इंडिया ने हरमनप्रीत सिंह को 250 इंटरनेशनल मैच पूरे करने पर बधाई दी।

टीम के हेड कोच क्रेग फुल्टन से अपनी 250वीं जर्सी प्राप्त करने से बेहद उत्साहित हरमनप्रीत ने कहा, "यह मेरे लिए बेहद खास और भावुक पल है। मुझे अपने अब तक के करियर में हॉकी फैंस से भरपूर प्यार मिला है और मैं उनके समर्थन के लिए आभारी हूं।"

योगदान देना जारी रखूंगा

हरमनप्रीत सिंह ने कहा, "पिछले कुछ साल बेहद खास रहे हैं, इसलिए नहीं कि हमने लगातार दो ओलंपिक पदक जीते हैं, बल्कि इसलिए भी कि मेरी बेटी कुछ मैचों में आकर मेरा उत्साहवर्धन करती रही है। अब तक का यह सफर बेहद यादगार रहा है और मैं भारतीय हॉकी की विरासत में अपना योगदान जारी रखना चाहता हूं।"

2015 में किया था डेब्‍यू

हरमनप्रीत सिंह ने 2015 में डेब्‍यू किया था। उन्होंने 2015 मेंस हॉकी जूनियर एशिया कप में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के साथ स्वर्ण पदक और 2016 मेंस हॉकी जूनियर विश्व कप में गोल्‍ड मेडल जीता। लंदन में 2016 मेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीता। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के ढाका में 2017 मेंस हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीता और फिर 2016-17 मेंस एफआईएच हॉकी विश्व लीग में भारत को तीसरा स्थान दिलाने में मदद की।

हरमनप्रीत की उपलब्धियों पर नजर

हरमनप्रीत ने 2018 में नीदरलैंड के ब्रेडा में मेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के साथ सिल्‍वर मेडल, जकार्ता में एशियाई खेलों में कांस्य पदक और ओमान के मस्कट में मेंस एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में गोल्‍ड मेडल जीता। वह 2016 के रियो ओलंपिक में आठवें स्थान पर रही भारतीय मेंस हॉकी टीम का हिस्सा थे।

उन्होंने 2020 के टोक्यो ओलंपिक में अपना पहला ओलंपिक पदक जीता। तब भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही। भारत ने पेरिस 2024 में कांस्य पदक जीता। वह 2023 में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा थे। चेन्नई में 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का नेतृत्व हरमनप्रीत सिंह ने किया था।

दिलीप टिर्की ने दी बधाई

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, "भारत के लिए खेलना एक सम्मान की बात है और भारत के लिए 250 बार खेलना एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे बहुत खुशी है कि हरमनप्रीत सिंह ने भारत के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में, घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि हासिल की है। मैदान पर उनके प्रयासों से भारत को शानदार रिजल्‍ट मिले हैं। मैं कामना करता हूं कि वह युवा पीढ़ी को प्रेरित करते रहें और भविष्य के मैचों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"

यह भी पढ़ें- Asia Cup: मनदीप ने भारत को हार से बचाया, सुपर-4 के मुकाबले में गत चैंपियन साउथ कोरिया को 2-2 की बराबरी पर रोका