Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Solan News: सोलन में एक महीने से जलसंकट, विरोध में सड़क पर उतरे लोग, भाजपा बोली, गाद का बहाना नहीं चलेगा

    Updated: Mon, 14 Jul 2025 05:49 PM (IST)

    Solan News सोलन में पेयजल संकट को लेकर भाजपा ने जलशक्ति विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जल संकट के लिए विभागों को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की। जलशक्ति विभाग ने नगर निगम की वितरण प्रणाली को जिम्मेदार बताया।

    Hero Image
    सोलन में जलसंकट के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।

    संवाद सहयोगी, सोलन। Solan News, सोलन शहर में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने जलशक्ति विभाग कार्यालय रबौण के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जलशक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप भी शामिल हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि 19 जून से शहर में जल संकट बना हुआ है, लेकिन विभाग और सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि विभाग पानी की कमी का कारण गाद आना बता रहा है, जबकि इसके समाधान के लिए 50 लाख लीटर क्षमता वाले तीन प्रोक्यूलशन वेल और अतिरिक्त 30 लाख लीटर क्षमता का डब्ल्यूटीपी बनाया गया था। इसके बावजूद गाद को बहाना बनाकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा जा रहा है।

    नगर निगम पर भी उठाए सवाल

    वहीं, नगर निगम मेयर द्वारा वोल्टेज की समस्या को जल संकट का कारण बताने पर भी भाजपा ने सवाल उठाए। शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि मेयर को तय करना चाहिए कि उन्हें विभाग का प्रवक्ता बनना है या जनता के साथ खड़े होना है। उन्होंने इसे जलसंकट नहीं, व्यवस्था का संकट बताते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सोलन शहर में गर्मी, सर्दी या बारिश में जल संकट बना रहता है, जिसके लिए विभागों की लापरवाही जिम्मेदार है।

    डीसी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

    धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को डीसी सोलन मनमोहन शर्मा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि जलशक्ति विभाग और शहरी विकास विभाग के सचिवों की संयुक्त समिति बनाकर पूरे मामले की जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि कोई ठोस सुधारात्मक योजना है, तो उसे शीघ्र लागू किया जाए, ताकि सोलन के लोग जल संकट से राहत पा सकें। करीब दो घंटे चले इस धरने में भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र समाधान नहीं निकला तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार सोनी का कहना है कि एक महीने में नगर निगम को रोजाना औसतन 72 लाख लीटर पानी सप्लाई किया है। केवल दो दिन पंप हाउस के राइजिंग मेन और बिजली शटडाउन के कारण समस्या आई थी। जबकि नगर निगम का कहना है कि शहर की रोजाना जरूरत 80 लाख लीटर है। ऐसे में विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन नगर निगम की जल वितरण प्रणाली में खामियों के कारण समस्या बनी हुई है।

    यह भी पढ़ें- VIDEO: हिमाचल के कुल्लू में चलती गाड़ी के नीचे से धंस गई सड़क और उफनती नदी में जा गिरी फलों से भरी जीप