मोहन लाल बडौली मामले में नया मोड़, घटनास्थल की पहचान तक नहीं कर पाई पीड़िता; मेडिकल कराने से भी किया इनकार
हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और हरियाणा सरकार के पूर्व प्रचार सलाहकार एवं गायक राकी मित्तल पर लगे दुष्कर्म मामले में नया मोड़ सामने आया है। जब पुलिस पीड़िता को होटल ले गई तो पीड़िता दुष्कर्म वाले कमरे की पहचान नहीं कर पाई। वहीं पीड़िता की दोस्त ने मीडिया से बातचीत करते हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को झूठा बताया है।
संवाद सहयोगी, सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के कसौली पुलिस थाना में हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और हरियाणा सरकार के पूर्व प्रचार सलाहकार एवं गायक राकी मित्तल के विरुद्ध दर्ज दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आया है।
दुष्कर्म वाले कमरे को नहीं पहचान पाई महिला
सूत्रों के अनुसार, 13 दिसंबर को महिला ने मामला दर्ज करवाया था। उसके अगले ही दिन उसे उसी होटल में ले जाया गया, लेकिन वह दुष्कर्म वाले कमरे को पहचान नहीं पाई थी। शिकायत में लगाए आरोपों को लेकर भी पुलिस को पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले हैं।
यह भी पढ़ें- 'उस रात मैं और मेरी दोस्त...', हरियाणा BJP अध्यक्ष पर लगा दुष्कर्म का आरोप कितना सच? महिला की दोस्त ने बताई कहानी
मामला दर्ज होने के बाद नामजद व्यक्तियों से छानबीन करने के लिए पुलिस हरियाणा भी गई, लेकिन उसमें क्या सामने आया है, इस पर कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
महिला ने मेडिकल करवाने से भी कर दिया मना
यह बात भी सामने आई है कि महिला ने मेडिकल करवाने से मना कर दिया था। हैरानी का विषय है कि एफआईआर दर्ज होने के करीब एक माह बाद भी पुलिस मामले में आगे नहीं बढ़ सकी है।
वहीं, सोलन जिला पुलिस ने मामले पर चुप्पी साध ली है। थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक तक मामले पर कुछ भी जानकारी देने से कतरा रहे हैं। एसपी गौरव सिंह से जानकारी के कई प्रयास किए गए, लेकिन वह कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
पीड़िता के दोस्त ने क्या कहा?
वहीं, इस मामले को पीड़िता की दोस्त और चश्मदीद गवाह ने झूठ बताया है। सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला की दोस्त और मामले में गवाह बनाई गई युवती ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
वह और उसकी दोस्त सात जुलाई 2023 को कसौली घूमने गए थे। इसके बाद वह राकी मित्तल से मिले थे। वह, पीड़िता और उनका बॉस अमित एक ही कमरे में रुके थे। वहां पर सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ।
नहीं हुआ सामूहिक दुष्कर्म: पीड़िता की दोस्त
दिल्ली निवासी युवती ने कहा कि सात जुलाई 2023 को मेरी दोस्त ने मुझे कहा था कि मेरे बास के साथ घूमने के लिए कसौली चलते हैं। वहां राकी मित्तल से मुलाकात हुई थी। उस रात मैं, मेरी दोस्त और उसका बास वहीं रुके और अगली सुबह वापस चले गए। एफआईआर में मेरा नाम गलत तरीके से डाला गया है।
उसने कहा कि वह मोहन लाल बडौली से वह कभी नहीं मिली। उसकी दोस्त और उसके बॉस का कोई टिकट और चेयरमैन का मामला है, जिसके बारे में उसे पूरी जानकारी नहीं है। बडौली को उसने कभी भी होटल में नहीं देखा। मीडिया में आने के बाद उसने उनका फोटो देखा है।
'मुझे भी दिया था पैसे का लालच'
उसने कहा कि अगर कुछ गलत होता तो तुरंत एफआईआर दर्ज करवाने जाते। इतने समय बाद केस दर्ज करवाने का औचित्य नहीं है। यह केवल दबाव बनाने की साजिश है। किसी लालच के लिए यह आरोप लगाए गए हैं। युवती ने कहा कि उसकी दोस्त ने उस पर दबाव बनाया। वह कह रही थी कि इसके लिए पैसे मिलेंगे, लेकिन मैंने उसे मना कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।