मोहन लाल बडौली से जुड़े दुष्कर्म मामले में नहीं हुई सुनवाई, कोर्ट में नहीं पहुंची पीड़िता; पुलिस फिर भेजेगी समन
कसौली दुष्कर्म मामले में शिकायतकर्ता कोर्ट में पेश नहीं हुई। कसौली पुलिस उसे दिल्ली के पते पर समन नहीं दे पाई। इस मामले में अब अगली सुनवाई 12 मार्च को होगी। हरियाणा पुलिस भी शिकायतकर्ता को गिरफ्तार करने के लिए कसौली में मौजूद थी। पिछले साल दिसंबर माह में एक महिला ने हरियाणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और गायक रॉकी मित्तल पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे।
संवाद सहयोगी, सोलन। हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली व गायक रॉकी मित्तल के विरुद्ध पुलिस थाना कसौली में दर्ज दुष्कर्म मामले में कसौली कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होनी थी। लेकिन शिकायतकर्ता अदालत में पेश नहीं हुई। जिस वजह से सुनवाई को टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कसौली पुलिस उसे दिल्ली के पते पर समन रिसीव नहीं करवा पाई। पुलिस शिकायतकर्ता को समन देने के लिए उसके पते पर खोजती रही, लेकिन वहां पर ताला लगा हुआ था। वहीं, उससे पुलिस कोई संपर्क स्थापित नहीं कर पाई, जिस कारण अगली सुनवाई अब 12 मार्च को होगी। पुलिस अब फिर से उसे समन देने के लिए दिल्ली जाएगी।
बडौली पर लगे थे दुष्कर्म के आरोप
गौरतलब है कि दिल्ली निवासी महिला ने मोहन लाल बडौली व राॅकी मित्तल के खिलाफ बीते दिसंबर को पुलिस थाना कसौली में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि वह जुलाई 2023 में कसौली घूमने आई थी। उस दौरान उनकी मुलाकात होटल में बडौली व मित्तल के साथ हुई।
महिला ने आरोप लगाया था कि बडौली व मित्तल ने नौकरी देने व मॉडल बनाने का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया था। करीब डेढ़ साल बाद हुई शिकायत के बाद पुलिस ने महिला के साथ होटल में जाकर छानबीन भी की थी। साक्ष्यों के अभाव में पुलिस ने कैंसिलेशन रिपोर्ट अदालत में पेश की थी।
उस पर 18 फरवरी को सुनवाई होनी थी। उस सुनवाई में कोर्ट ने शिकायतकर्ता को छह मार्च को पेश होने के आदेश दिए थे। बताया जा रहा है कि हरियाणा पुलिस भी शिकायतकर्ता को गिरफ्तार करने के लिए कसौली में मौजूद थी।
आरोपों पर क्या बोले थे बडौली
गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर माह में पुलिस थाना कसौली में एक महिला ने आरोप लगाया था कि जुलाई 2023 में कसौली के एक होटल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और रॉकी मित्तल ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामला दर्ज होने के बाद कसौली पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान करवाकर होटल में ले जाकर साक्ष्यों को अपने कब्जे में लिया था। दोनों आरोपितों से भी पुलिस ने छानबीन की थी।
वहीं, दूसरी तरफ हरियाणा हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने इसको अपने खिलाफ साजिश बताते हुए इस मामले को झूठा करार दिया है। वहीं, रॉकी मित्तल ने शिकायतकर्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रॉकी मित्तल का आरोप है कि ये लोग हनीट्रैप में फंसाकर पैसे की डिमांड कर रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।