Pahalgam Attack: 'लोगों की सुरक्षा के लिए उठाएंगे हर संभव कदम', CM सुक्खू ने जम्मू-कश्मीर सरकार को दिया आश्वासन
जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री जावेद अहमद डार ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की और उनसे राज्य में कश्मीरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं और कश्मीरी लोगों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री जावेद अहमद डार ने शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश में काम करने वाले कश्मीरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग शांतिप्रिय हैं और भाईचारे तथा सद्भाव के मूल्यों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने इस बर्बर हमले की निंदा करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में हिमाचल प्रदेश पीड़ितों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने जम्मू कश्मीर के कृषि मंत्री को आश्वासन दिया कि प्रदेश में रह रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
बता दें पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई। 20 से अधिक पर्यटक घायल हो गए। आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा है। भारत सरकार ने आतंक को पनाह देने वाले पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।