वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने आपदा प्रभावितों को दिया 11 लाख, माता-पिता खो चुके बच्चों की शिक्षा का उठाएगी पूरा खर्च
वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने मंडी में आपदा पीड़ितों के लिए 11 लाख रुपये की सहायता प्रदान की। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि यह राशि आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देगी। फाउंडेशन अनाथ बच्चों की शिक्षा का खर्च भी उठाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने समाज के वंचितों के उत्थान के अपने पिता के सपने को जारी रखने की बात कही।

राज्य ब्यूरो, शिमला। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने मंडी जिला में आपदा प्रभावितों को राहत व शैक्षणिक सहायता के लिए 11 लाख का चेक भेंट किया। फाउंडेशन के अध्यक्ष व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि सरकार, गैर-सरकारी संगठनों और समाजसेवियों द्वारा प्रभावितों की मदद के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन ने मंडी जिले के उपायुक्त को 11 लाख रुपये की राशि भेंट की, जिसका उपयोग आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए किया जाएगा। यह राशि विशेष रूप से उन परिवारों के लिए है जिन्होंने अपने घर, खेत या आजीविका के साधन खो दिए है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि फाउंडेशन ने उपायुक्त मंडी से आपदा में माता-पिता खो चुके बच्चों का विवरण मांगा है। एक बार जानकारी मिलने के बाद इन अनाथ बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च वीरभद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा ताकि उन बच्चों को भविष्य में आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के सपने को याद किया, जिनका लक्ष्य समाज के वंचित वर्गों के उत्थान करना था।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह फाउंडेशन इसी मिशन पर काम कर रहा है। हमारा प्रयास है कि आपदा से प्रभावित लोगों को न केवल तत्काल राहत मिले, बल्कि उन्हें दीर्घकालिक सहायता भी प्रदान की जाए।
विक्रमादित्य सिंह ने आपदा प्रबंधन में सरकारी एजेंसियों, गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंडी जिले में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए पुनर्वास कार्य तेजी से चल रहे हैं। फाउंडेशन द्वारा की गई इस पहल से प्रभावितों को एक नई उम्मीद मिली है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।