अगले महीने शिमला आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक चौबंद; जानिए कहां-कहां जाने का है कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 से 9 मई तक शिमला प्रवास पर रहेंगी। उनके दौरे को लेकर मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। राष्ट्रपति मंडी भी जाएंगी और आईआईटी कमाद के कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके ठहरने के लिए द रिट्रीट को तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रपति ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों के भी दर्शन करेंगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 से 9 मई तक शिमला प्रवास पर आएगी। उनका शिमला आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दौरे की तैयारी से लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। सामान्य प्रशासन विभाग, गृह विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
उप सचिव सेना, एसडीएम चंडीगढ भी बैठक में विशेष तौर पर पहुंचे। अभी राष्ट्रपति भवन से मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है। बैठक में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। राष्ट्रपति शिमला दौरे के दौरान एक दिन मंडी भी जाएगी। बताया जा रहा है कि आईआईटी कमाद के कार्यक्रम में वह शामिल होंगी। राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर कल्याणी हेलीपैड पर उतरेगा, लेकिन अनाडेल व जुब्बड़हट्टी को भी रिजर्व रखा जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा
इस दौरान वह अपने मशोबरा स्थित आधिकारिक निवास स्थान द रिट्रीट में ठहरेंगी। बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर सारी तैयारियों और कहां-कहां जाने का कार्यक्रम है इस संबंध में चर्चा की गई। द्रौपदी मुर्मु छुट्टियां मनाने के लिए शिमला आ रही हैं। उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ आएंगे। बैठक के बाद उपसचिव सेना राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल के साथ भेंट की।
मॉल रोड, तारादेवी मंदिर जाने का कार्यक्रम
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान रिट्रीट आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाएगा। आम तौर पर इसे देखने के लिए आम लोगों के लिए खोला गया है। उनके इस दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था के साथ अन्य सभी व्यवस्थाओं का प्रबंध रहेगा।
जब भी राष्ट्रपति शिमला आती हैं तो राज्यपाल द्वारा उनके लिए एट होम का भी आयोजन रहता है। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान ऐतिहासिक जाखू मंदिर, काली बाड़ी मंदिर, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान शिमला, कैचमेंट एरिया ढली चुरट को निहारने जा सकती हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।